सीरिया: सुवैदा में हिंसा पर गहरी चिन्ता, टकराव टालने और आम लोगों की सुरक्षा का आग्रह
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने दक्षिणी सीरिया के सुवैदा गवर्नरेट में अल्पसंख्यक द्रूज़ समुदाय वाले इलाक़ो में भड़की हिंसा पर गहरी चिन्ता व्यक्त की है. उन्होंने इस टकराव पर तत्काल रोक लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, बेडॉइन समुदाय के क़बाइली लड़ाकों और स्थानीय द्रूज़ समुदाय के हथियारबन्द गुटों के बीच पिछले कुछ दिनों में लड़ाई में तेज़ी आई है.
द्रूज़ सम्प्रदाय, शिया इस्लाम की ही एक शाखा है, जिसे हिंसा में निशाना बनाए जाने की बात कही गई है. दमिश्क जाने वाले राजमार्ग पर एक द्रूज़ व्यापारी को अगवा कर लिए जाने के बाद हिंसा भड़क उठी थी.
हताहतों का आँकड़ा अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है, लेकिन कम से कम 30 लोगों के मारे जाने की ख़बर है और सैकड़ों अन्य घायल हुए हैं.
इन झड़पों की वजह से, सीरियाई अन्तरिम सरकार के सैन्य बलों को भी शान्ति बहाली के लिए तैनात किया गया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों की स्थानीय गुटों से झड़पें हुई.
इसराइल ने कथित तौर पर द्रूज़ समुदाय के बचाव में सीरियाई सुरक्षा बलों के टैंकों पर सिलसिलेवार हमले किए हैं.
सीरिया में पिछले वर्ष दिसम्बर में, पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद के शासन के पतन के बाद इस्लामवादी लड़ाकों के नेतृत्व में एक कार्यवाहक सरकार बनी, जिसे अन्तरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हो रही है.
मगर, इसके साथ ही देश के अल्पसंख्यक समूहों, ईसाई, अलावाइट, द्रूज़ समेत अन्य सम्प्रदायों में असुरक्षा का भाव गहरा रहा है.
यूएन महासचिव के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने मंगलवार को न्यूयॉर्क में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि द्रूज़ बहुल इलाक़ों में सामुदायिक तनाव भड़कने, हिंसा, आम नागरिकों के हताहत होने और सम्पत्ति लूटे जाने की ख़बरों से वह व्यथित हैं.
यूएन प्रमुख ने आम नागरिकों के विरुद्ध सभी प्रकार की हिंसा की निन्दा की है, विशेष रूप से उन कृत्यों की जिनसे साम्प्रदायिक हिंसा भड़कने का जोखिम हो.
उन्होंने स्थानीय नेताओं और अन्तरिम प्रशासन से टकराव में कमी लाने, नागरिकों की रक्षा करने, हिंसा की जाँच कराने और जवाबदेही तय किए जाने का आग्रह किया है.
मानवाधिकारों की रक्षा ज़रूरी
यूएन प्रवक्ता ने कहा कि महासचिव, सीरियाई क्षेत्र में इसराइली हवाई हमलों पर भी चिन्तित हैं, और उन्होंने देश की स्वाधीनता, सम्प्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन न किए जाने की अपील की है.
एंतोनियो गुटेरेश ने ज़ोर देकर कहा है कि सीरिया में एक विश्वसनीय, समावेशी राजनैतिक परिवर्तन प्रकिया को, यूएन सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2254 के सिद्धान्तों के अनुरूप आकार दिया जाना होगा.
सीरिया के लिए यूएन आयोग ने हिंसा में आई तेज़ी पर चिन्ता व्यक्त करते हुए ध्यान दिलाया है कि यह अन्तरिम सरकार का दायित्व है कि सभी लोगों के मानवाधिकारों का सम्मान व संरक्षण सुनिश्चित किया जाए, और किसी के साथ भेदभाव न हो.
कमीशन ने कहा कि हिंसा के कारण इलाक़ा छोड़ कर भाग रहे लोगों की रक्षा की जानी होगी, उन्हें सुरक्षित मार्ग व मानवतावादी समर्थन मुहैया कराना होगा.
यूएन आयोग ने हिंसा प्रभावित इलाक़े में इसराइली हवाई हमलों पर अलार्म जारी करते हुए कहा कि किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से इस टकराव का दायरा बढ़ने का जोखिम है, जिससे सीरियाई लोगों की पीड़ा बढ़ेगी.
स्वतंत्र, अन्तरराष्ट्रीय जाँच आयोग फ़िलहाल कथित रूप से अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी व मानवाधिकार क़ानून के उल्लंघन मामलों की पड़ताल में जुटा है.