वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

लाल सागर में जहाज़ों पर, हूथी लड़ाकों के हालिया हमलों की निन्दा

अक्टूबर 2023 में ग़ाज़ा युद्ध भड़कने के बाद से लाल सागर में हूथी लड़ाकों ने, इसराइल को जाने वाले कुछ जहाज़ों को निशाना बनाया है.
© UNICEF
अक्टूबर 2023 में ग़ाज़ा युद्ध भड़कने के बाद से लाल सागर में हूथी लड़ाकों ने, इसराइल को जाने वाले कुछ जहाज़ों को निशाना बनाया है.

लाल सागर में जहाज़ों पर, हूथी लड़ाकों के हालिया हमलों की निन्दा

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने, यमन के तट के पास लाल सागर में जहाज़ों पर हाल में, हूथी लड़ाकों के हमलों की निन्दा की है.

मीडिया ख़बरों के अनुसार, यमन स्थित हूथी लड़ाकों ने सोमवार और मंगलवार को लाइबेरियाई ध्वज वाले, यूनानी-संचालित जहाज़, ऐटरनिटी सी पर हमला किया, जिससे यह बुधवार सुबह डूब गया.

इस जहाज़ के चालक दल के चार सदस्यों के मारे जाने की ख़बर है.

Tweet URL

चालक दल के 15 सदस्य शुक्रवार तक लापता थे. ऐसी ख़बरें है कि हूथी लड़ाके, अज्ञात संख्या में नाविकों को किसी ऐसे अज्ञात स्थान पर ले गए जिसे, उन्होंने, "सुरक्षित स्थान" बताया.

सप्ताहान्त के दौरान हमला

यह हमला रविवार को लाल सागर में लाइबेरियाई ध्वज वाले, यूनानी-संचालित एक अन्य मालवाहक जहाज़, ‘मैजिक सीज़’ पर हूथी द्वारा मिसाइल और ड्रोन हमले के बाद हुआ.

ख़बरों के अनुसार, चालक दल को जहाज़ छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा, लेकिन सभी 22 सदस्यों को बचा लिया गया.

अक्टूबर 2023 में ग़ाज़ा में युद्ध शुरू होने के बाद से, हूथी लड़ाकों ने लाल सागर में उन इसराइली और वाणिज्यिक जहाज़ों को निशाना बनाया है जो इसराइल जाने वाले रास्ते से गुज़र रहे होते थे. 

हूथी लड़ाकों ने, फ़लस्तीनियों के साथ एकजुटता दिखाई है.

मई में, हूथी लड़ाकों के ठिकानों और मिसाइल ढाँचे पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद, इस समूह ने अमेरिकी युद्धपोतों को निशाना बनाना बन्द करने के लिए, अमेरिका के साथ एक समझौते पर सहमति व्यक्त की, हालाँकि, उन्होंने कथित तौर पर इसराइल से जुड़े अन्य जहाज़ों पर हमले बन्द करने का वादा नहीं किया.

गुटेरेश ने की कड़ी निन्दा

संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महासचिव एंतोनियो गुटेरेश का एक वक्तव्य पढ़ा, जिसमें कहा गया कि संयुक्त राष्ट्र प्रमुख "लाल सागर से गुज़रने वाले नागरिक जहाज़ों पर हूथी लड़ाकों के हमले, फिर से शुरू होने की कड़ी निन्दा करते हैं, ख़ासतौर पर 6 से 8 जुलाई 2025 के बीच हुए हमलों की."

यूएन प्रमुख ने कहा कि इन "अस्वीकार्य" हमलों ने चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा को ख़तरे में डाला है, नौवहन की स्वतंत्रता का उल्लंघन किया है, समुद्री परिवहन को बाधित किया है और गम्भीर पर्यावरणीय, आर्थिक और मानवीय जोखिम उत्पन्न किए हैं.

एंतोनियो गुटेरेश ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि सभी पक्षों को अन्तरराष्ट्रीय क़ानून का सम्मान करना चाहिए, और व्यापारी एवं वाणिज्यिक जहाज़ों पर हूथी हमलों से सम्बन्धित, यूएन सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2768 का पूरी तरह से पालन किया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा, "संयुक्त राष्ट्र, इस क्षेत्र में तनाव कम करने के अपने प्रयासों को जारी रखने के साथ-साथ, यमन में टकराव का एक स्थाई और शान्तिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए यमनी, क्षेत्रीय और अन्तरराष्ट्रीय हितधारकों के साथ, निरन्तर सम्पर्क बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है."