वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

टैक्सस बाढ़ में 80 से अधिक लोगों की मौत पर गहरा दुख

टैक्सस में आई बाढ़ ने अनेक लोगों की जान ले ली है.
© Wikipedia
टैक्सस में आई बाढ़ ने अनेक लोगों की जान ले ली है.

टैक्सस बाढ़ में 80 से अधिक लोगों की मौत पर गहरा दुख

जलवायु और पर्यावरण

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने, संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के टैक्सस प्रान्त में आई भीषण बाढ़ पर गहरा शोक व्यक्त किया है, जिसमें बीते सप्ताहान्त के दौरान क़रीब 80 लोगों की मौत हो गई. इस घटना में मारे गए लोगों में अनेक बच्चे भी है, जो गर्मियों की छुट्टियाँ मनाने के लिए एक शिविर में आए हुए थे.

यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने अपने प्रवक्ता के माध्यम से सोमवार को जारी एक वक्तव्य में कहा है कि वह “जीवन की इस दुखद क्षति से, विशेष रूप से बड़ी संख्या में बच्चों की मौत से, बेहद व्यथित हैं,” जो ऐसे समय पर हुई जब माहौल जश्न का होना चाहिए था.

संयुक्त राज्य अमेरिका में 4 जुलाई को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है, जोकि एक ऐसा दिन है जो आमतौर पर परिवारों और समुदायों के लिए एक साथ आकर खुले स्थानों पर आकर, जश्न मनाने का अवसर होता है.

महासचिव ने “पीड़ितों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना” व्यक्त की है और सभी प्रभावित लोगों, विशेष रूप से टैक्सस प्रान्त के लोगों और अमेरिका की सरकार के प्रति एकजुटता जताई. 

ख़बरों के अनुसार, 4 जुलाई से शुरू हुए सप्ताहान्त के दौरान हुई भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ ने, टैक्सस के मध्यवर्ती इलाक़ों (ख़ासकर ग्वाडालूपे नदी के किनारे) में भारी तबाही मचाई.

इस जल प्रलय ने शिविर मिस्टीक को भी अपनी चपेट में ले लिया, जहाँ कम से कम 27 लोगों और शिविर प्रशिक्षकों की मौत हो गई.

संयुक्त राष्ट्र बाल कोष  (UNICEF) की कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसेल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा है, “टैक्सस के मध्य इलाक़े से आ रही ख़बरों ने, यूनीसेफ़ में हम सभी को बेहद दुखी और व्यथित कर दिया है.”

उन्होंने कहा, “हमारी संवेदनाएँ और विचार उन सभी के साथ हैं, जो अपनों के लिए शोक मना रहे हैं और जो अब भी लापता लोगों, ख़ासकर खो हुए बच्चों के बारे में ख़बरों का इन्तज़ार कर रहे हैं.”

ख़बरों के अनुसार, क्षेत्र में अब भी और बारिश होने की सम्भावना के बीच खोज और बचाव कार्य जारी हैं.