वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

वैश्विक अस्थिरता से गहरा रहा है नशीले पदार्थों के सेवन का संकट - UNODC

एक सफेद रंग की कैप्टागन पट्टिका जिस पर काले रंग की पृष्ठभूमि पर दो पत्तियों का निशान बना हुआ है।
UNODC खाड़ी देशों में कैप्टागन नामक नशीली दवा का सबसे अधिक सेवन किया जा रहा है.

वैश्विक अस्थिरता से गहरा रहा है नशीले पदार्थों के सेवन का संकट - UNODC

क़ानून और अपराध रोकथाम

दुनिया भर में बढ़ती अस्थिरता के कारण नशीले पदार्थों से जुड़ी सामाजिकआर्थिकस्वास्थ्य और सुरक्षा चुनौतियाँ तेज़ी से बढ़ रही हैं. संयुक्त राष्ट्र के मादक पदार्थ और अपराध निरोधक कार्यालय (UNODC) का कहना है कि युद्ध व टकरावबेरोज़गारी और विस्थापन जैसे कारण, न केवल नशा सेवन को रिकॉर्ड स्तर तक पहुँचा रहे हैंबल्कि संगठित अपराधी गिरोहों को, अवैध मादक पदार्थों के व्यापार को और अधिक फैलाने का अवसर भी दे रहे हैं.

UNODC की कार्यकारी निदेशक ग़ादा वॉली ने कहा है कि नवीनतम आँकड़े यह दर्शाते हैं कि आपराधिक नैटवर्क वैश्विक संकटों का लाभ उठाकर अपना प्रभाव बढ़ा रहे हैं, कमज़ोर आबादी को निशाना बना रहे हैं और संस्थागत कमज़ोरियों का शोषण कर रहे हैं. 

उन्होंने कहा, “हमें इस चुनौती का मुक़ाबला करने के लिए रोकथाम, तकनीक और अन्तरराष्ट्रीय सहयोग में निवेश करना होगा.” 

उन्होंने ड्रग्स की तस्करी करने वाले नैटवर्क को तोड़ने और समुदायों की सुरक्षा के लिए एक समन्वित वैश्विक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया.

Tweet URL

‘विश्व ड्रग्स रिपोर्ट 2025' के अनुसार, 2023 में दुनिया की 15 से 64 वर्ष की आयु की आबादी के लगभग 6 प्रतिशत हिस्से, यानि 31.6 करोड़ लोगों ने नशीले पदार्थों का सेवन किया.

यह 2013 के 5.2 प्रतिशत के आँकड़े से अधिक है. 

इनमें 24 करोड़ 40 लाख लोग भांग (कैनेबिस), 6 करोड़ 1 लाख लोग अफ़ीम युक्त दवाएँ (Opioids), 3.07 करोड़ लोग एम्फ़ेटामाइन, ढाई करोड़ लोग कोकेन और 2.1 करोड़ एक्स्टसी का सेवन कर चुके हैं. 

रिपोर्ट में कहा गया है कि बढ़ती हिंसा, जलवायु संकट और आर्थिक अस्थिरता के कारण विस्थापन बढ़ने से यह संख्या और बढ़ सकती है.

वैश्विक कोकेन बाज़ार में रिकॉर्ड वृद्धि

रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में कोकेन का उत्पादन 3,708 टन तक पहुँच गया, जो 2022 की तुलना में 34 प्रतिशत अधिक है. 

नशीले पदार्थों की वैश्विक स्तर पर ज़ब्ती भी 2,275 टन तक पहुँच गई, जो अब तक का सर्वाधिक आँकड़ा है. 

2013 से अब तक कोकेन उपभोक्ताओं की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. 

पहले मुख्य रूप से अमेरिका केन्द्रित यह व्यापार अब अफ़्रीका और एशिया तक फैल गया है, और पश्चिमी बाल्कन के आपराधिक गिरोह, योरोपीय बाज़ारों में भी अपना प्रभाव बढ़ा रहे हैं.

सिन्थेटिक ड्रग बाज़ार का तेज़ी से विस्तार

कम लागत और पकड़े जाने की कम सम्भावना के कारण, सिंथेटिक ड्रग्स का बाज़ार लगातार बढ़ रहा है. एम्फ़ेटामाइन-प्रकार के उत्तेजक (ATS) जैसेकि मेथमफ़ेटामीन और कैप्टागन के उत्पादन एवं वितरण में भारी वृद्धि देखी गई.

सीरिया में बशर अल असद शासन के पतन के बाद वहाँ कई बड़े कैप्टागन कारख़ाने उजागर हुए, परन्तु 2024 और 2025 का डेटा दर्शाता है कि खाड़ी देशों में इसकी आपूर्ति जारी है, सम्भवतः पुराने भंडार या नए उत्पादन स्थलों से.

ड्रग्स की तस्करी से भारी मुनाफ़ा

UNODC के अनुसार, नशीले पदार्थों की तस्करी आज भी संगठित अपराध की सबसे ज़्यादा मुनाफ़ा देने वाली शाखाओं में से एक है, जिससे हर साल सैकड़ों अरब डॉलर की आय होती है. 

आपराधिक समूह, क़ानून से बचने के लिए उत्पादन तकनीकों में सुधार, रसायन छिपाने के नए तरीक़ों और डिजिटल तकनीकों का उपयोग कर रहे हैं. 

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस चुनौती से निपटने के लिए, नैटवर्क की गहराई से समझ, उनकी संरचना की गहन जाँच-पड़ताल और उन्नत क़ानून प्रवर्तन क्षमताओं में निवेश बहुत ज़रूरी है.

दाढ़ी वाले एक व्यक्ति का पार्श्व दृश्य, जो गांजा पी रहा है और उसके चारों ओर धुआं घूम रहा है।
© Unsplash

स्वास्थ्य पर गम्भीर असर

2021 में नशीले पदार्थों के कारण लगभग 5 लाख लोगों की मृत्यु हुई और 2.8 करोड़ स्वस्थ जीवन वर्षों का नुक़सान, समय से पहले मृत्यु या विकलांगता के कारण हुआ. 

इसके बावजूद, 2023 में ड्रग्स के सेवन से पीड़ित हर 12 में से केवल एक व्यक्ति को ही इलाज मिल सका. 

रिपोर्ट में इस असमानता को दूर करने के लिए वैज्ञानिक प्रमाण-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक समर्थन प्रणालियों में निवेश बढ़ाने की सिफ़ारिश की गई है.