वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

सीरिया: दमिश्क के एक चर्च में हुए 'जघन्य' आतंकवादी हमले की कठोर निन्दा

सीरिया की राजधानी दमिश्क में खड़ा किया गया एक सैन्य वाहन. देश में अतीत के हिंसक टकराव के निशान सड़कों पर देखे जा सकते हैं.
© UNICEF/Muhannad Al-Asadi सीरिया की राजधानी दमिश्क में खड़ा किया गया एक सैन्य वाहन. देश में अतीत के हिंसक टकराव के निशान सड़कों पर देखे जा सकते हैं.

सीरिया: दमिश्क के एक चर्च में हुए 'जघन्य' आतंकवादी हमले की कठोर निन्दा

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र ने सीरिया की राजधानी दमिश्क में एक चर्च में रविवार को प्रार्थना सभा के दौरान हुए आत्मघाती बम हमले की निन्दा की है, जिसमें महिलाओं व बच्चों समेत कम से कम 25 श्रृद्धालुओं की जान गई है.

बताया गया है कि 60 लोग इस हमले में घायल हुए हैं. सीरिया में विद्रोही गुटों द्वारा पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद को सत्ता से बेदख़ल किए जाने के बाद यह दमिश्क में हुआ पहला ऐसा हमला बताया जा रहा है.

असद परिवार के शासन के पतन के बाद, सीरिया में पिछले एक दशक से अधिक समय से जारी गृहयुद्ध का भी अन्त हो गया था.

Tweet URL

समाचार माध्यमों के अनुसार, एक बन्दूकधारी ने सीरिया के द्वेला इलाक़े में स्थित ग्रीक ऑर्थोडॉक्स सेंट ऐलियस चर्च के अन्दर गोलीबारी की और उसके बाद अपने शरीर से बंधे विस्फोटक सामग्री में धमाका कर दिया.

अभी तक प्राप्त हुई तस्वीरों और वीडियो के अनुसार, इस हमले में चर्च को भीषण नुक़सान हुआ है और वहाँ काँच बिखरा हुआ है. 

जवाबदेही की मांग

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने इस हमले की कठोर निन्दा की है, मृतकों के परिजन के प्रति अपनी गहरी सम्वेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने सोमवार को न्यूयॉर्क मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आतंकवाद के सभी ज़िम्मेदारों की जवाबदेही तय की जानी होगी.

सीरिया में अन्तरिम प्रशासन ने आरम्भिक जाँच के आधार पर इस हमले के लिए आतंकवादी गुट आइसिल (दाएश) को ज़िम्मेदार ठहराया  है. यूएन प्रमुख ने इसे अपने संज्ञान में लेते हुए एक विस्तृत व निष्पक्ष जाँच कराए जाने का आग्रह किया है.

महासचिव गुटेरेश ने शान्ति, गरिमा व न्याय के लिए सीरियाई जनता के प्रयासों के प्रति संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबद्धता दोहाराई है.

न्याय की अपील

सीरिया के लिए यूएन के विशेष दूत गेयर पैडरसन ने चर्च में हुए इस हमले की कठोरतम शब्दों में निन्दा की है और प्रशासन से जाँच व जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की है.

विशेष दूत ने आतंकवाद, चरमपंथी, उकसावे और विभिन्न पंथों व आस्थाओं वाले देश, सीरिया में किसी भी समुदाय को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के विरुद्ध एकता की अपील की है. 

चरमपंथ के लिए कोई जगह नहीं

सीरिया में यूएन रेज़िडेंट कोऑर्डिनेटर व मानवतावादी समन्यवक एडम अब्देलमौला ने इस घटना को, उपासना स्थल पर जानबूझकर किया गया हमला क़रार दिया, जिसमें प्रार्थना के लिए एकत्र हुए महिलाओं व बच्चों को निशाना बनाया गया.

यूएन के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि हिंसा व चरमपंथ के लिए कोई स्थान नहीं है, और पुनर्बहाली व आपसी मेलमिलाप की दिशा में बढ़ रहे सीरिया के लिए एकजुटता दर्शानी होगी.

मानवतावादी समन्यवक अब्देलमौला ने सीरियाई लोगों के लिए यूएन के समर्थन को दोहराते हुए कहा है कि आम नागरिकों की रक्षा करने, भविष्य में ऐसे हमलों को टालने और दोषियों की जवाबदेही तय करने के लिए क़दम उठाने होंगे.