वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

संयुक्त राज्य अमेरिका व फ़्राँस में यहूदी विरोधी हमलों की कठोर निन्दा

लंबे काले बालों वाली एक महिला कैमरे की ओर पीठ करके खड़ी है और यहूदी-विरोधी भावना और होलोकॉस्ट प्रचार से संबंधित एक प्रदर्शनी देख रही है।
UN Photo/Loey Felipe 'रूढ़ियों के खतरों का पर्दाफाश' नामक प्रदर्शनी के उद्घाटन का एक दृश्य.

संयुक्त राज्य अमेरिका व फ़्राँस में यहूदी विरोधी हमलों की कठोर निन्दा

क़ानून और अपराध रोकथाम

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने संयुक्त राज्य अमेरिका के कोलोराडो में बीते सप्ताहांत हुए हमले और फ्राँस में यहूदी ऐतिहासिक स्थलों को नुक़सान पहुँचाए जाने की घटनाओं की कठोर निन्दा की है. उन्होंने सोमवार को जारी अपने एक वक्तव्य में यहूदीवाद विरोधी सभी कृत्यों के विरुद्ध अपने रुख़ को मज़बूती से दोहराया है. 

अमेरिका के कोलोराडो प्रान्त के बोल्डर शहर में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है, जिसने ग़ाज़ा में बन्धक बनाए गए इसराइली नागरिकों के समर्थन में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम को निशाना बनाया. इस दौरान वहाँ एकत्र लोगों पर एक प्रकार के पेट्रोल बम (molotov cocktail) फेंक कर आगज़नी की कोशिश की.

संदिग्ध ने हमले के दौरान कथित तौर पर "आज़ाद फ़लस्तीन" का नारा लगाया. इस घटना के बाद अब आरोपित पर नफ़रत से प्रेरित अपराध समेत कई गम्भीर आपराधिक धाराएँ लगाई गई हैं.

इस हमले में क़रीब आठ लोग घायल हुए हैं, जिनकी उम्र 52 से 88 वर्ष के बीच है. स्थानीय पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों को मामूली चोटें आई हैं, मगर अन्य "गम्भीर" रूप से घायल हुए हैं.

होलोकॉस्ट स्मारक पर निशाना

समाचार माध्यमों के अनुसार, फ़्राँस की राजधानी पेरिस में एक यहूदी-विरोधी घटना में, शनिवार सुबह अज्ञात लोगों ने शोआ स्मारक (होलोकॉस्ट स्मारक), तीन उपासना स्थलों (Synagogues) और एक यहूदी रेस्तरां को निशाना बनाया.

तस्वीरों में देखा जा सकता है कि इस स्मारक की एक दीवार पर हरा रंग पोत दिया गया, जिस पर दूसरे विश्व युद्ध के दौरान यहूदियों की मदद करने वाले फ्रेंच पुरुषों व महिलाओं के नाम अंकित हैं.

अब तक इन घटनाओं के सिलसिले में किसी भी संदिग्ध को गिरफ्तार नहीं किया गया है और न ही किसी समूह ने इसकी ज़िम्मेदारी ली है.

संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने न्यूयॉर्क में संवाददाताओं को बताया कि, “महासचिव इन घटनाओं की कड़ी निन्दा करते हैं.”

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सभी प्रकार की यहूदीवाद-विरोधी गतिविधियों, चरमपंथ के अन्य रूपों, धार्मिक घृणा और हिंसा भड़काने वाले किसी भी प्रयास के सख्त विरोध में है. महासचिव दोषियों की जवाबदेही तुरन्त तय किए जाने की अपील करते हैं.