वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

पूर्व जर्मन विदेश मंत्री ऐनालेना बेयरबॉक, 80वें सत्र के लिए महासभा अध्यक्ष निर्वाचित

जर्मनी की पूर्व विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक को यूएन महासभा के 80वें सत्र के लिए अध्यक्ष चुना गया है.
UN Photo/Manuel Elias
जर्मनी की पूर्व विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक को यूएन महासभा के 80वें सत्र के लिए अध्यक्ष चुना गया है.

पूर्व जर्मन विदेश मंत्री ऐनालेना बेयरबॉक, 80वें सत्र के लिए महासभा अध्यक्ष निर्वाचित

यूएन मामले

जर्मनी की पूर्व विदेश मंत्री ऐनालेना बेयरबॉक को सोमवार को हुए गोपनीय मतदान में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के लिए अध्यक्ष चुना गया है. पश्चिमी योरोपीय समूह क्षेत्र से इस दायित्व को संभालने वाली वह पहली और महासभा की पाँचवी महिला अध्यक्ष होंगी. 

यूएन जनरल असेम्बली की अध्यक्षता हर वर्ष निम्न पाँच क्षेत्रीय समूहों में बारी-बारी से बदलती है: अफ़्रीका, एशिया-प्रशान्त, पूर्वी योरोप, लातिन अमेरिका व कैरीबिया, पश्चिमी योरोप व अन्य. यूएन महासभा का 80वाँ सत्र सितम्बर 2025 में आरंभ होगा.

193 सदस्य देशों वाली महासभा में गोपनीय मतदान के दौरान मतपत्र में वह इक़लौती उम्मीदवार थी, जिन्हें 167 वोट हासिल हुए. एक अन्य लिखित प्रत्याशी -- मतपत्र पर सूचीबद्ध उम्मीदवार के बजाय स्वयं नामांकित -- हेल्गा श्मिड को सात मत प्राप्त हुए, जबकि 14 प्रतिनिधियों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया. 

Tweet URL

44 वर्षीय ऐनालेना बेयरबॉक, विश्व पटल पर एक बेहद चुनौतीपूर्ण समय में इस पद को संभालेगी, जब हिंसक टकराव धधक रहे हैं, टिकाऊ विकास लक्ष्य लड़खड़ा रहे हैं, वित्तीय दबाव गहरा रहे हैं और संयुक्त राष्ट्र के नए महासचिव का चयन भी होना है.

यह वैश्विक बहुपक्षीय व्यवस्था के लिए एक अहम पड़ाव भी है. यूक्रेन, ग़ाज़ा व अन्य क्षेत्रों में जारी युद्धों का अन्त कराने के प्रयासों पर सुरक्षा परिषद गतिरोध का सामना कर रही है.

चीन, फ्राँस, रूस, ब्रिटेन और संयुक्त राज्य अमेरिका के पास वीटो अधिकार का इस्तेमाल करने की शक्ति है, और एक नकारात्मक मत के ज़रिये सुरक्षा परिषद के अन्य सदस्यों द्वारा समर्थित किसी प्रस्ताव को रोका जा सकता है.

इस पृष्ठभूमि में, यूएन महासभा आम सहमति क़ायम करने और शान्ति व सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर क़ानूनी रूप से बाध्यकारी प्रावधानों के बिना कूटनैतिक सम्पर्क व आदान-प्रदान की एक अहम फ़ोरम बनी है.

यूएन महासभा ने हिंसक टकरावों का अन्त करने के लिए अनेक प्रस्ताव पारित किए हैं, जिनमें युद्धविराम को लागू किए जाने, मानवीय सहायता मार्ग सुनिश्चित करने और आम नागरिकों की रक्षा पर बल दिया गया है.

ईमानदार प्रयास की प्रतिबद्धता

महासभा अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होने के बाद ऐनालेना बेयरबॉक ने वैश्विक चुनौतियों के दौर में सभी 193 सदस्य देशों को एकजुट करने की ईमानदार कोशिश करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि एकजुट रहना ही बेहतर है.

उन्होंने महासभा अध्यक्ष के आगामी कार्यकाल के लिए तीन अहम प्राथमिकताओं का खाका प्रस्तुत किया: संगठन को और अधिक दक्ष व प्रभावी बनाना, टिकाऊ विकास के 2030 एजेंडा को आगे बढ़ाना, और जनरल असेम्बली को सही मायनों में एक समावेशी फ़ोरम बनाना.

पूर्व जर्मन विदेश मंत्री ने एक ऐसे संयुक्त राष्ट्र की पुकार लगाई, जिसमें सभी को अपनाया जाए. “मैं देखती हूँ कि जनरल असेम्बली की विविधता ही हमारी शक्ति है. यही वो स्थान है जहाँ सभी राष्ट्र एक साथ मिलते हैं और जहाँ हर देश के पास एक सीट व आवाज़ है.”

यूएन80 पहल

साथ ही, उन्होंने लैंगिक समानता, बहुपक्षवाद, नागरिक समाज व युवजन के साथ सम्पर्क व बातचीत को बढ़ावा देने की पैरवी की है.

ऐनालेना बेयरबॉक ने यूएन80 पहल का भी उल्लेख किया, जिसे महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने इस वर्ष मार्च में पेश किया था.

नवनिर्वाचित महासभा अध्यक्ष ने कहा कि इस पहल को केवल ख़र्चों में कटौती लाने की क़वायद तक ही सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि निडर महत्वाकाँक्षा के साथ कठिन निर्णयों को लेने के लिए तैयार रहना होगा.

“हमारा साझा लक्ष्य है: एक मज़बूत, केन्द्रित, स्फूर्त व उद्देश्यों के अनुरूप संगठन. ऐसा संगठन जो अपने बुनियादी उद्देश्यों को साकार करने में सक्षम हो. हमें एक ऐसे संयुक्त राष्ट्र की आवश्यकता है, जोकि शान्ति, विकास व न्याय के वादों को पूरा करे.”

यूएन महासभा के 80वें सत्र के लिए नव-निर्वाचित अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक ने न्यूयॉर्क में पत्रकारों को सम्बोधित किया.
UN Photo/Eskinder Debebe
यूएन महासभा के 80वें सत्र के लिए नव-निर्वाचित अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक ने न्यूयॉर्क में पत्रकारों को सम्बोधित किया.

‘बहुपक्षवाद के लिए प्रतिबद्ध’

यूएन महासभा के वर्तमान अध्यक्ष फ़िलेमॉन यैंग ने ऐनालेना बेयरबॉक को बधाई देते हुए उन्हें एक ऐसा नेता क़रार दिया, जिनकी बहुपक्षवाद के लिए अटूट प्रतिबद्धता है.

महासभा प्रमुख यैंग ने भरोसा जताया कि वह मौजूदा दरारों से परे जाकर भरोसा बहाल करने और संवाद को बढ़ावा देने में सक्षम होंगी.

महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने अपने सन्देश में कहा कि ऐनालेना बेयरबॉक, बहुपक्षीय व्यवस्था के लिए एक कठिन व अनिश्चित समय में यह बागडोर संभाल रही हैं. इस पद के लिए निर्वाचित होने वाली वह पाँचवी महिला नेता होंगी.

यूएन प्रमुख ने कहा कि मानव परिवार के समक्ष हिंसक टकरावों, जलवायु आपदाओं, निर्धनता और असमानताओं समेत अन्य चुनौतियाँ मौजूद हैं, और इसके मद्देनज़र, यूएन महासभा को एक साथ मिलकर साझा समाधानों को ढूंढना होगा.