वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

मज़बूत समुदायों व बेहतर विश्व के लिए प्रयासरत प्रेरणास्रोत, मंडेला पुरस्कार से सम्मानित

नेलसन मंडेला 1994 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 49वें सत्र को संबोधित करते हुए.
UN Photo/Evan Schneider नेलसन मंडेला 1994 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 49वें सत्र को संबोधित करते हुए.

मज़बूत समुदायों व बेहतर विश्व के लिए प्रयासरत प्रेरणास्रोत, मंडेला पुरस्कार से सम्मानित

यूएन मामले

कैनेडा की एक आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता और केनया के एक सामाजिक उद्यमी को इस वर्ष के 2025 नेलसन रोलिहलहला मंडेला पुरस्कार के लिए चुना गया है.

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश, कैनेडा की ब्रैंडा रेनॉल्ड्स और केनया के कैनेडी ओडेडे को 18 जुलाई को नेलसन मंडेला अन्तरराष्ट्रीय दिवस पर इस पुरस्कार से सम्मानित करेंगे.

इस सम्मान की शुरुआत 2014 में हुई, और इसे हर पाँच वर्ष में उन दो व्यक्तियों को दिया जाता है, जिनके कामकाज में दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय नेलसन मंडेला की विरासत परिलक्षित होती है:  नेतृत्व, विनम्रता, सेवा व सीमाओं के परे एकता. 

महासचिव गुटेरेश ने अपने सन्देश में कहा कि इस वर्ष के पुरस्कार विजेता, एकता व सम्भावना की भावना को दर्शाते हैं, हमें यह ध्यान दिलाते हुए कि हमारे पास किस तरह से मज़बूत समुदायों और एक बेहतर दुनिया को आकार देने की क्षमता है.

ब्रैंडा रेनॉल्ड्स.
Linda Dickinson Photography ब्रैंडा रेनॉल्ड्स.

ब्रैंडा रेनॉल्ड्स

कैनेडा के सस्कैचवन की ब्रैंडा रेनॉल्ड्स ने पिछले कई दशकों से आदिवासी अधिकारों, मानसिक स्वास्थ्य, और किसी सदमे से उबारने के लिए देखभाल पर ध्यान केन्द्रित किया है.

1988 में, उन्होंने सस्कैचवन के एक रिहायशी स्कूल में 17 किशोर लड़कियों को यौन दुर्व्यवहार के मामले में समर्थन दिया. उसके बाद, उन्होंने सत्य व आपसी मेलमिलाप आयोग की विशेष परामर्शदाता के तौर पर दायित्व सम्भाला, और पीड़ितों को समर्थन प्रदान किया.

उन्होंने आदिवासी समुदायों के स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण, और आपसी मेल मिलाप के लिए कैनेडा व अन्तराष्ट्रीय स्तर पर प्रयासों की अगुवाई की है.

2023 में, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त और योरोपीय संघ ने मानसिक सदमा और सांस्कृतिक जनसंहार के विषय में अपनी विशेषज्ञता साझा करने के लिए आमंत्रित किया था.

कैनेडी ओडेडे.
SHOFCO कैनेडी ओडेडे.

कैनेडी ओडेडे

केनया में किबेरा की झुग्गी-झोपड़ियों में कैनेडी ओडेडे ने 23 साल गुज़ारे. 10 वर्ष की आयु में सड़कों पर रहने से लेकर, उन्होंने वैश्विक स्तर पर पहचान का सफ़र पूरा किया, जब टाइम पत्रिका ने 2024 में उन्हें 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में स्थान दिया.

उनकी यह यात्रा एक छोटे क़दम से शुरू हुई. उन्होंने फ़ैक्ट्री में काम करते हुए अपनी बचत से एक फ़ुटबॉल ख़रीदी और अपने समुदाय को पास लाना शुरू किया.

इस पहल ने फिर समुदायों के लिए चमकती आशा (Shining Hope for Communities) का रूप ले लिया. यह ज़मीनी स्तर पर सक्रिय एक मुहिम है, जिसमें कैनेडी अब एक सीईओ का दायित्व सम्भालते हैं.

यह संगठन केनया में 68 स्थानों पर संचालित हैं, जिसमें स्थानीय समूहों को सशक्त बनाया जाता है और हर साल 24 लाख से अधिक लोगों को असहम सेवाएँ प्रदान की जाती हैं.