इसराइल द्वारा ग़ाज़ा में सीमित सहायता बहाली का स्वागत, मगर यह ‘समुद्र में केवल एक बून्द’
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय राहत समन्वय मामलों के प्रमुख टॉम फ़्लैचर ने इसराइल द्वारा 11 सप्ताह से ग़ाज़ा की पूर्ण नाकाबन्दी के बाद, अब सीमित सहायता सामग्री के प्रवेश को अनुमति देने के फ़ैसले का स्वागत किया है, मगर साथ ही ये भी कहा है कि कहीं अधिक सहायता की आवश्यकता है.
टॉम फ़्लैचर ने सोमवार को कहा कि सोमवार को प्रातः संयुक्त राष्ट्र के नौ सहायता ट्रकों को दक्षिणी कैरेम शैलॉम सीमा चौकी के ज़रिए, ग़ाज़ा में प्रवेश करने की अनुमति दी गई थी.
“मगर यह सहायता, ज़रूरतों के महासागर में केवल एक बून्द के समान है…हमें आश्वस्त किया गया है कि हमारे सहायता कार्यों को, मौजूदा सुचारू माध्यमों से सुगम बनाया जाएगा. मैं उस आश्वासन के लिए आभारी हूँ...”
इसराइल बमबारी ख़तरे की घंटी: यूएन प्रमुख
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने, ग़ाज़ा में सोमवार को इसराइल द्वारा हवाई हमलों और ज़मीनी सैन्य अभियानों को तेज़ किए जाने पर चिन्ता व्यक्त की “जिसके परिणामस्वरूप हाल के दिनों में सैकड़ों फ़लस्तीनी लोग मारे गए हैं, जिनमें बहुत सी महिलाएँ और बच्चे भी हैं, और जैसाकि विदित है, बड़े पैमाने पर लोगों को बेदख़ली आदेश दिए गए हैं.”
एंतोनियो गुटेरेश ने अकाल को टालने, लोगों की व्यापक पीड़ा को कम करने और जीवन की और अधिक हानि को रोकने के लिए, सीधे लोगों को बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता की तीव्र, सुरक्षित और निर्बाध आपूर्ति किए जाने के लिए अपना आहवान दोहराया है.
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने सोमवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि एंतोनियो गुटेरेश ने “ग़ाज़ा में कोई समझौता किए जाने के लिए मध्यस्थों द्वारा चल रहे प्रयासों का स्वागत किया है.
“उन्होंने बार-बार चेतावनी दी है कि निरन्तर हिंसा और विनाश, केवल लोगों की पीड़ा को बढ़ाएगा और व्यापक क्षेत्रीय टकराव के जोखिम को बढ़ाएगा.”
प्रवक्ता ने कहा कि महासचिव “फ़लस्तीनी आबादी के किसी भी जबरन विस्थापन को दृढ़ता से अस्वीकार करते हैं.”
सहायता सामग्री की चोरी का जोखिम
संयुक्त राष्ट्र की मानवीय राहत समन्वय एजेंसी – OCHA के मुखिया टॉम फ़्लैचर ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ हैं कि संयुक्त राष्ट्र की सहायता, सबसे अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुँचे, और ग़ाज़ा पट्टी में इसराइल के नए हमलों के बीच वहाँ, इसराइली सेना से लड़ने वाले हमास या अन्य आतंकवादियों द्वारा, सहायता सामग्री की चोरी के किसी भी जोखिम को कम किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सहायता समन्वय कार्यालय - OCHA की अपेक्षाएँ ज़मीनी वास्तविकता पर टिकी हुई हैं: "जारी बमबारी और भूख के तीव्र के स्तर को देखते हुए, लूटपाट व असुरक्षा के जोखिम महत्वपूर्ण हैं."
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता सहयोगियों को उनके साहस और दृढ़ संकल्प के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यूएन सहायता कर्मी "इन मुश्किलों के बावजूद भी" अपना काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.