टॉम फ़्लैचर ने की, ग़ाज़ा में मानवीय सहायता बहाली की मांग
संयुक्त राष्ट्र के आपातकालीन राहत समन्वयक टॉम फ़्लैचर ने युद्धग्रस्त फ़लस्तीनी क्षेत्र ग़ाज़ा में, मानवीय सहायता की आपूर्ति बहाल किए जाने की अपनी प्रबल मांग दोहराते हुए कहा है कि मानवतावादी एजेंसियाँ ग़ाज़ा पट्टी तक पहुँच की मांग करते हैं और वहाँ लोगों को जीवन रक्षक सहायता पहुँचाने के लिए पहले से ही एक योजना तैयार है.
ध्यान रहे कि इसराइल ने ग़ाज़ा में प्रवेश के लिए तमाम सीमा चौकियों को 2 मार्च बन्द कर दिया था, जिसके बाद ग़ाज़ा में बिल्कुल भी मानवीय सहायता सामग्री दाख़िल नहीं हो सकी है और वहाँ की पूरी लगभग 21 लाख की आबादी अकाल के ख़तरे में हैं.
टॉम फ़्लैचर ने शुक्रवार दे रात जारी एक वक्तव्य में कहा है, "जैसा कि हमने इस वर्ष युद्धविराम के दौरान दिखाया है - और हर बार जब हमें पहुँच प्रदान की गई है, संयुक्त राष्ट्र और हमारे मानवीय भागीदारों के पास ग़ाज़ा में जीवन बचाने के लिए आवश्यक पैमाने पर सहायता प्रदान करने के लिए विशेषज्ञता, संकल्प और नैतिक स्पष्टता है."
आगे बढ़ने के लिए तैयार
उन्होंने कहा कि सहायता सामग्री के वितरण के लिए वैकल्पिक तौर-तरीक़ों का प्रस्ताव करने वालों को समय बर्बाद नहीं करना चाहिए, क्योंकि एक योजना पहले से ही मौजूद है.
यह दस्तावेज़ "मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता और स्वतंत्रता के गैर-परक्राम्य सिद्धान्तों पर आधारित है."
इसके अलावा, इसे दानदाताओं के गठबन्धन के साथ-साथ, अधिकांश अन्तरराष्ट्रीय समुदाय का समर्थन प्राप्त है, और यदि मानवतावादियों को अपना काम करने की अनुमति दी जाती है, तो ये सक्रिय होने के लिए तैयार हैं.
टॉम फ़्लैचर ने कहा, “हमारे पास लोग मौजूद हैं. हमारे पास वितरण नैटवर्क हैं. हमारे पास ज़मीन पर समुदायों का भरोसा है. और हमारे पास सहायता सामग्री भी मौजूद है, भारी मात्रा में, जो अभी आपूर्ति किए जाने के लिए तैयार हैं.”
‘चलें काम पर लगें’
यूएन आपदा राहत समन्वयक टॉम फ़्लैचर ने दोहराते हुए कहा कि मानवतावादी समुदाय ने अतीत में भी ऐसा किया है और फिर से कर सकता है.
“हम जानते हैं कि हमारी सहायता सामग्री आपूर्ति को कैसे पंजीकृत, निरीक्षण, वाहनों में लादना, वाहनों से उतारना, फिर से निरीक्षण, फिर से लादना, परिवहन, भंडारण, लूट से सुरक्षित रखना, ट्रकों व उनके मार्गों की निगरानी और वितरित किया जाता है – इस सहायता सामग्री को भटकाए या ग़लत हाथों में पड़े बिना, बिना किसी देरी के, और गरिमा के साथ.”
“हम जानते हैं कि आम लोगों तक कैसे पहुँचना है और अकाल को किस तरह रोकना है.”
टॉम फ़्लैचर ने कहा, “बस अब बहुत हो चुका. हम जरूरतमन्द लोगों के लिए तेज़ी से, सुरक्षित और निर्बाध सहायता वितरण की मांग करते हैं. चलें काम पर लग जाएँ.”