वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

ग़ाज़ा: गुटेरेश ने की बन्धक रिहाई की सराहना, युद्धविराम की अपील भी दोहराई

7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इसराइल पर हमले के दौरान बनाए गए बन्धकों में से कुछ अब भी बन्धक ही हैं और उनकी रिहाई की पुरज़ोर अपीलें की जा रही हैं.
UN News
7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इसराइल पर हमले के दौरान बनाए गए बन्धकों में से कुछ अब भी बन्धक ही हैं और उनकी रिहाई की पुरज़ोर अपीलें की जा रही हैं.

ग़ाज़ा: गुटेरेश ने की बन्धक रिहाई की सराहना, युद्धविराम की अपील भी दोहराई

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने, ग़ाज़ा में बन्धक बनाकर रखे गए एक इसराइली सैनिक की रिहाई का स्वागत किया है. उन्होंने साथ ही, युद्धग्रस्त क्षेत्र ग़ाज़ा में स्थाई युद्धविराम और अधिक मानवीय सहायता पहुँचाने की अपील भी दोहराई है.

21 वर्षीय ऐडन अलेक्ज़ेंडर अमेरिकी-इसराइली नागरिक हैं और इसराइली सुरक्षा बलों (IDF) के सैनिक हैं. 

उन्हें 7 अक्टूबर 2023 को इसराइल पर हुए हमास के भीषण हमले के दौरान बन्धक बना लिया गया था. उस हमले में लगभग 1200 लोगों की मौत हुई थी और क़रीब 250 लोग बन्धक बना लिए गए थे.

मीडिया ख़बरों के अनुसार, अलेक्ज़ेंडर ग़ाज़ा में चरमपंथियों के क़ब्ज़े से जीवित लौटने वाले अन्तिम अमेरिकी नागरिक माने जा रहे हैं.

बाकी बन्धकों को तुरन्त रिहा करें

संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने सोमवार को कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश "ऐडन अलेक्ज़ेंडर की रिहाई से बेहद राहत महसूस कर रहे हैं और इस कठिन दौर के बाद उनके अपने परिवार के पास लौटने पर खुश हैं."

महासचिव ने तत्काल और स्थाई युद्धविराम लागू किए जाने के साथ-साथ, बाक़ी सभी बन्धकों की तुरन्त और बिना शर्त रिहाई की अपनी अपील फिर दोहराई. 

उन्होंने यह भी ज़ोर देकर कहा कि बन्धकों के साथ मानवीय गरिमा और सम्मान के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए.

प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा, "महासचिव ने सभी पक्षों से अपील की है कि वे तुरन्त, बिना किसी रुकावट के और सुरक्षित मानवीय सहायता सुनिश्चित करें, जिसमें ज़रूरतमन्द लोगों के लिए ज़रूरी सेवाओं की आपूर्ति भी शामिल हो. सहायता कोई सौदेबाज़ी का विषय नहीं है."

युद्धविराम की अपील 

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने मिस्र, क़तर और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा युद्धविराम के लिए लगातार किए जा रहे मध्यस्थता प्रयासों की सराहना की है.

उन्होंने सभी पक्षों से अपील की कि वे आज की बन्धक रिहाई को आधार बनाकर एक व्यापक समझौते पर सहमत हों, जो सभी बन्धकों की रिहाई, युद्धविराम, मानवीय सहायता की बेरोकटोक आपूर्ति, और ग़ाज़ा में लम्बे समय से जारी मानवीय पीड़ा को कम करने की दिशा में मदद करे.

खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों ने सोमवार को चेतावनी दी कि ग़ाज़ा की पूरी आबादी यानि 20 लाख से अधिक लोग अकाल के गम्भीर ख़तरे में हैं, क्योंकि युद्ध और 2 मार्च से लागू इसराइल की सहायता सीमाबन्दी के कारण, हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं.