वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

भारत व पाकिस्तान: तनाव कम करने के प्रयासों में समर्थन की पेशकश

UN के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस UN सुरक्षा परिषद की पृष्ठभूमि के सामने संयुक्त राष्ट्र के लोगो वाले माइक्रोफोन के साथ एक प्रेस ब्रीफिंग में बोल रहे हैं।
UN Photo/Mark Garten यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में, 22 अप्रैल (2025) को हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निन्दा की है.

भारत व पाकिस्तान: तनाव कम करने के प्रयासों में समर्थन की पेशकश

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने, भारत व पाकिस्तान को, जम्मू - कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद के माहौल में, तनाव को कम करने के प्रयासों में समर्थन की पेशकश की है.

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने मंगलवार को कहा है कि एंतोनियो गुटेरेश ने, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मोहम्मद शहबाज़ शरीफ़ और भारत के विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर के साथ, टैलीफ़ोन पर अलग-अलग बातचीत की है.

उन्होंने जम्मू-कश्मीर में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले की अपनी कड़ी निन्दा को दोहराया.

महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने, क़ानूनी उपायों के ज़रिए, इन हमलों की जवाबदेही निर्धारित करने और न्याय सुनिश्चित करने के महत्व को रेखांकित किया है.

प्रवक्ता के अनुसार, यूएन महासचिव ने, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर गहरी चिन्ता भी व्यक्त की और ऐसे किसी टकराव को टालने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया, जिसके परिणाम त्रासदीपूर्ण हो सकते हों.

उन्होंने तनाव कम करने के प्रयासों में अपने कार्यालय के समर्थन की भी पेशकश की है.

ग़ौरतलब है कि सुरक्षा परिषद भी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कठोर निन्दा कर चुकी है जिसमें 26 लोग मारे गए थे कई अन्य लोग घायल हुए थे.

आतंकवाद का प्रबल विरोध

प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने एक पत्रकार द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि यूएन प्रमुख, आतंकवाद के विरुद्ध मज़बूती से खड़े हैं, चाहे वो कहीं भी और किसी भी स्थान पर हो, और इस मामले में भी एंतोनियो गुटेरेश काफ़ी स्पष्ट रहे हैं.

प्रवक्ता ने कहा, "वह (यूएन प्रमुख) जो देखना चाहते हैं वो है कि दोनों पक्ष (भारत व पाकिस्तान), तनाव को कम करने की दिशा में आगे बढ़ें."

"मेरा आशय है कि क्षेत्र और विश्व, भारत व पाकिस्तान के बीच टकराव मोल नहीं ले सकते, जो ना केवल उन देशों के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए त्रासदीपूर्ण होगा."