वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

लेबनान: बेरूत में इसराइली हवाई हमले पर गहरी चिन्ता, संयम बरतने की अपील

लेबनान के रमायच के युद्धग्रस्त इलाके में मलबे के बीच एक ध्वस्त इमारत और एक क्षतिग्रस्त सफेद वैन पड़ी है।
© WFP/Mohammed Awadh इसराइली हवाई हमलों में दक्षिणी लेबनान के शहरी इलाक़ों में इमारतों को नुक़सान पहुँचा है.

लेबनान: बेरूत में इसराइली हवाई हमले पर गहरी चिन्ता, संयम बरतने की अपील

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र ने इसराइल और हिज़बुल्लाह के बीच नाज़ुक हालात में लागू युद्धविराम के बावजूद, लेबनान में हिंसा में नए सिरे से आई तेज़ी पर गहरी चिन्ता जताई है. दक्षिणी बेरूत पर इसराइली हवाई हमले में एक महिला समेत कम से कम चार लोगों की जान गई है और अनेक अन्य घायल हुए हैं.

ख़बरों के अनुसार, स्थानीय समयानुसार मंगलवार सुबह को हुए इस हमले में कथित तौर पर एक हिज़बुल्लाह अधिकारी को निशाना बनाया गया था. इसराइल ने इस अधिकारी पर हमास के साथ मिलकर आम नागरिकों के विरुद्ध आतंकी हमले की योजना बनाने का आरोप लगाया है.

पिछले पाँच दिनों में बेरूत के बाहरी इलाक़े में इसराइल द्वारा किया गया यह दूसरा हमला है.

संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने न्यूयॉर्क में यूएन मुख्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने और टकराव बढ़ाने वाली गतिविधियों से परेहज़ करने का आग्रह किया.

उन्होंने ऐसी किसी भी गतिविधि से दूर रहने की अपील की है, जिससे आम नागरिकों के जीवन पर ख़तरा हो और  इसराइल व लेबनान के सैन्य बलों को अलग करने वाली सीमा रेखा, ‘ब्लू लाइन’ क्षेत्र में स्थिरता क़ायम करने के प्रयासों को झटका लगे.

यूएन प्रवक्ता ने सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 को पूर्ण रूप से लागू किए जाने की अहमियत पर बल दिया, जिसे अगस्त 2006 में इसराइल व हिज़बुल्लाह के बीच 34 दिनों तक चले युद्ध का अन्त करने के इरादे से पारित किया गया था.

इस प्रस्ताव में हिंसक टकराव का अन्त करने, दक्षिणी लेबनान से इसराइली सैनिकों को वापिस बुलाने और असैन्यीकृत ज़ोन (demilitarized zone) को तैयार करने की बात कही गई है.

स्तेफ़ान दुज़ैरिक के अनुसार, सभी पक्षों द्वारा सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 को पूर्ण रूप से लागू करने के लिए ठोस क़दम उठाए जाना अहम है. साथ ही, उन्हें टकराव पर विराम लगाने के लिए हुए समझौते के प्रति अपने संकल्पों को निभाना होगा.

उन्होंने कहा कि लेबनान के लिए विशेष समन्वयक और यूएन मिशन (UNIFIL) इस मुद्दे पर सभी हितधारकों के साथ निरन्तर सम्पर्क में हैं, ताकि तनाव में कमी लाई जा सके.

शान्तिरक्षकों पर गोलीबारी

यूएन प्रवक्ता ने बताया कि बीते सप्ताहांत, इसराइली सेना ने ब्लू लाइन क्षेत्र में यूएन शान्तिरक्षकों को चेतावनी देने के इरादे से गोलियाँ चलाई थी.

स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा कि यह घटना, स्पष्ट तौर पर प्रस्ताव 1701 का उल्लंघन है.

वहीं, एक अन्य घटना में, यूएन शान्तिरक्षकों ने बताया कि इसराइली सैन्य बलों के एक ग़श्ती दल ने उन पर लेसर से निशाना साधा.

संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता ने ज़ोर देकर कहा कि यूएन मिशन में सेवारत शान्तिक्षक अपने शासनादेश (mandate) के दायित्वों को निभा रहे हैं. इसमें हस्तक्षेप और उनकी सुरक्षा के साथ समझौता करने वाली कोई भी हरक़त अस्वीकार्य है.

मौजूदा हालात में, संयुक्त राष्ट्र दक्षिणी लेबनान में अपने ठिकानों पर तैनात हैं और ज़मीनी हालात की निगरानी के साथ जानकारी जुटा रहे हैं.