यूक्रेन, रूस में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के लिए सहमति का स्वागत
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने यूक्रेन और रूसी महासंघ में ऊर्जा प्रतिष्ठानों को पंगु कर देने वाले हमलों को रोकने के सिलसिले में यूक्रेन, रूस और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा की गई घोषणाओं का स्वागत किया है.
यूएन के शीर्षतम अधिकारी ने बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में कहा कि वह किसी भी युद्धविराम का स्वागत करते हैं, चूँकि इससे ज़िन्दगियों की रक्षा होगी, और साथ ही यूक्रेन में न्यायसंगत शान्ति हासिल करने का मार्ग प्रशस्त होगा.
उन्होंने कहा कि यूक्रेन में न्यायसंगत शान्ति में यूएन चार्टर, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून और सुरक्षा परिषद प्रस्तावों का सम्मान होगा, और यूक्रेन की क्षेत्रीय अखंड़ता की रक्षा की जाएगी.
यूएन प्रमुख ने ब्रसेल्स में योरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के नेताओं से मुलाक़ात की, जहाँ वह एक शिखर बैठक के लिए पहुँचे हैं.
इससे पहले, महासचिव गुटेरेश एक वक्तव्य जारी किया था, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेन्स्की द्वारा युद्धविराम को काला सागर तक बढ़ाने की इच्छा जताई गई है.
दुनिया भर में खाद्य सामान व उर्वरक के निर्यात के नज़रिये से यह एक बेहद अहम व्यापार मार्ग है.
उन्होंने ग़ाज़ा में इसराइली सैन्य बलों की कार्रवाई में आई तेज़ी पर भी चिन्ता जताई और जलवायु मुद्दे पर दुनिया से आग्रह किया कि कार्रवाई की रफ़्तार धीमी होने से रोकना होगा.
अहम व्यापार मार्ग
महासचिव ने कहा कि काला सागर में आवाजाही के लिए अन्तरराष्ट्रीय क़ानून पर आधारित एक सुरक्षित व्यवस्था पर समझौते से वैश्विक खाद्य सुरक्षा और सप्लाई चेन के लिए अहम है. यह यूक्रेन और रूसी महासंघ से वैश्विक बाज़ारों के लिए व्यापार मार्गों की अहमियत को परिलक्षित करेगा.
यूक्रेन से काला सागर के ज़रिये अनाज निर्यात और रूस से खाद्य सामग्री व उर्वरक के निर्यात को दुनिया के अन्य हिस्सों में पहुँचाने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने भरसक प्रयास किए हैं. इससे विश्व भर में खाद्य क़ीमतों में कमी लाना सम्भव हुआ है और सम्वेदनशील हालात वाले देशों में अकाल के हालात की रोकथाम की गई.
यूएन के मध्यस्थता प्रयासों के परिणामस्वरूप, रूस, यूक्रेन, तुर्कीये और संयुक्त राष्ट्र के बीच जुलाई 2022 में इस्ताम्बुल में सहमति हुई थी, जिसके तहत तीन करोड़ टन अनाज व अन्य खाद्य सामग्री को यूक्रेनी बन्दरगाहों से रवाना किया गया था.
संयुक्त राष्ट्र और रूसी महासंघ में एक समानान्तर समझौते के तहत, रूस से अनाज और उर्वरक निर्यात की भी व्यवस्था की गई. हालांकि, यूएन महासचिव ने 2023 में रूस द्वारा अनाज निर्यात पहल से पाँव वापिस खींचने पर खेद व्यक्त किया था.
ग़ाज़ा में हमलों की निन्दा
यूएन प्रमुख ने योरोपीय परिषद में उच्चस्तरीय चर्चा के बाद पत्रकारों से भी बातचीत की और ग़ाज़ा पट्टी में मौतों और विध्वंस पर गहरा क्षोभ व्यक्त किया.
ग़ौरतलब है कि इसराइली सैन्य बलों ने ग़ाज़ा के उत्तरी हिस्से में अपनी ज़मीनी कार्रवाई फिर शुरू करने की घोषणा की है और कई इलाक़ों में सिलसिलेवार हमले किए गए हैं.
महासचिव ने दुख जताया कि फ़लस्तीनी आबादी पहले से बहुत पीड़ा भोग चुकी है. उन्होंने युद्धविराम का सम्मान किए जाने, ग़ाज़ा के सभी इलाक़ों में बेरोकटोक मानवीय सहायता पहुँचाए जाने और सभी बन्धकों की तत्काल, बिना शर्त रिहाई के लिए अपनी अपील दोहराई है.
उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व में शान्ति स्थापित करने के एकमात्र रास्ते के लिए अपने दरवाज़े खुले रखने होंगे, जहाँ इसराइल और फ़लस्तीन एक दूसरे के साथ रह सकें.
जलवायु संकट
इस बीच, वैश्विक जलवायु की स्थिति पर नई रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि वर्ष 2024, पिछले 175 वर्षों में सर्वाधिक गर्म साल साबित हुआ है.
पिछले वर्ष, वैश्विक औसत तापमान को पूर्व-औद्योगिक काल के स्तर की तुलना में 1.55 डिग्री अधिक आंका गया, और यह पहली बार है जब 1.5 डिग्री सेल्सियस की चिन्ताजनक दहलीज को पार किया गया है.
महासचिव गुटेरेश ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी नए आँकड़ों पर चिन्ता जताते हुए कहा कि मुझे बार-बार यह सुनने की आदत हो गई है कि हम सबसे गर्म दशक के सबसे गर्म साल के सबसे गर्म महीने के सबसे गर्म दिन में रह रहे हैं. “मगर, आइए, हम हिम्मत ना हारें.”
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट यह भी बताती है कि तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखना सम्भव है, मगर इसके लिए हमें दोगुने प्रयास करने होंगे.
कार्बन उत्सर्जन में कटौती लानी होगी, कार्बन आधारित ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता घटानी होगी और जीवाश्म ईंधनों के बजाय नवीकरणी ऊर्जा स्रोतों को अपनाना होगा.