CSW69: 'बढ़ते लैंगिक विरोध' के बीच, अहम महिला सम्मेलन में समानता की पुकार
एक ऐसे समय में जब महिला अधिकारों की मांग पर विश्व भर में बढ़ते विरोध का सामना करना पड़ रहा है, लैंगिक समानता को साकार किया जाना एक अहम लक्ष्य है. संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष अधिकारियों ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर यूएन मुख्यालय में आयोजित वार्षिक सम्मेलन में जुटे राजनयिकों, व्यवसायियों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए यह बात कही है.
महिलाओं की स्थिति पर यूएन आयोग का 69वाँ सत्र, न्यूयॉर्क में 10-21 मार्च तक आयोजित हो रहा है, जोकि महिला अधिकारों को बढ़ावा देने, विश्व भर में उनके मौजूदा जीवन की वास्तविकता को परखने और लैंगिक समानता व सशक्तिकरण पर वैश्विक मानकों को आकार देने पर केन्द्रित है.
पिछले वर्ष, यूएन आयोग के 68वें सत्र में 100 विश्व नेताओं समेत नागरिक समाज के 4,800 प्रतिभागियों ने शिरकत की थी.
इस वर्ष के सत्र में महासभा के 23वें विशेष सत्र के नतीजों की समीक्षा के साथ-साथ, बीजिंग घोषणापत्र व कार्रवाई प्लैटफ़ॉर्म पर चर्चा होगी, जिसे 1995 में पारित किया गया था.
CSW के 69वें सत्र और इसकी अहमियत पर अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें
सर्वजन के लिए एक बेहतर भविष्य
कैनेडा से न्यूयॉर्क पहुँची लॉरेटा जैफ़ कॉम्ब्स ने ‘बीजिंग घोषणापत्र’ को इतिहास में एक ऐसा अहम पड़ाव क़रार दिया, जिससे आदिवासी महिलाओं व लड़कियों के अधिकारों को मान्यता देने का मार्ग प्रशस्त हुआ.
उन्होंने महासभागार में प्रतिनिधियों को कहा कि “अक्सर, आदिवासी महिलाओं को निर्णय निर्धारण प्रक्रिया से बाहर छोड़ दिया जाता है, जिससे हमारा भविष्य प्रभावित होता है.”
“हमें सभी स्तरों पर आदिवासी महिलाओं की आवश्यकता है...हमें अपने युवाओं को दिखाने की ज़रूरत है कि हमारी आवाज़ मायने रखती है. जब हम आदिवासी महिलाओं को उठाते हैं, हम सभी के लिए एक बेहतर भविष्य को आकार दे सकते हैं.”
‘हमें विरोध का भय नहीं’
महिला सशक्तिकरण के लिए यूएन संस्था (UN Women) की कार्यकारी निदेशक सीमा बहाउस ने आगाह किया कि नारी द्वेष से प्रेरित मामलों में उछाल आ रहा है, एक ऐसे समय जब महिलाओं को अनेक संकटों व हिंसक टकरावों का ख़ामियाज़ा भुगतना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों को आगे बढ़ाने में प्रगति दर्ज की गई है, मगर इसकी रफ़्तार धीमी है और अभी इसे और आगे ले जाने की ज़रूरत है.
यूएन एजेंसी प्रमुख ने बड़े बदलावों के लिए कार्रवाई की पुकार लगाई. उन्होंने कहा कि डिजिटल दरारों को पाटना होगा, निर्धनता के अन्त में निवेश करना होगा और महिलाओं व लड़कियों के विरुद्ध हिंसा के चक्र को तोड़ने के लिए क़ानूनों को मज़बूती देनी होगी.
उन्होंने अहम निर्णय लेने की प्रक्रिया में और शान्तिनिर्माण भूमिकाओं में महिलाओं को साथ लेकर चलने का आहवान किया. “हम [अधिकारों] पर बढ़ते विरोध से भयभीत नहीं हैं. हमें पीछे नहीं हटेंगे.”
‘पितृसत्ता का विष’
संयुक्त राष्ट्र के शीर्षतम अधिकारी एंतोनियो गुटेरेश ने क्षोभ जताया कि पितृसत्ता का विष सामने नज़र आ रहा है जबकि महिलाओं के अधिकारों की घेराबन्दी की जा रही है.
उन्होंने कहा कि नारी द्वेष के लिए ज़िम्मेदार लोग की ताक़त बढ़ रही है और ऑनलाइन माध्यमों पर महिलाओं को अनर्गल बातें कही जाती हैं.
यूएन प्रमुख के अनुसार, इसकी दवा है, पुख़्ता कार्रवाई, जिसके लिए शिक्षा में निवेश, महिलाओं व लड़कियों के विरुद्ध हिंसा का सामना, महिला संगठनों व मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के लिए समर्थन, टैक्नॉलॉजी क्षेत्र में महिला नेतृत्व के लिए प्रोत्साहन व उनकी पूर्ण भागेदारी की गारंटी महत्वपूर्ण है.
महासचिव गुटेरेश ने सचेत किया कि महिला अधिकारों के लिए यह एक जोखिम भरा समय है, और इसलिए बीजिंग घोषणापत्र के इर्दगिर्द लामबन्दी की जानी होगी और हर लड़की व महिला के लिए अधिकारों, समानता व सशक्तिकरण के वादों को साकार करने के लिए मज़बूती से खड़ा होना होगा.
बेहद अहम पड़ाव
महिलाओं की स्थिति पर आयोग के 69वें सत्र के दौरान विश्व भर से महिलाएँ व नेता न्यूयॉर्क मे जुटे हैं. उदघाटन बैठक के बाद अगले कई दिन् तक यूएन परिसर, ऑनलाइन माध्यमों पर अनेक कार्यक्रमों व चर्चाओं का आयोजन किया जाएगा.
यूएन महासभा के अध्यक्ष फ़िलेमॉन यैंग ने महिला अधिकारों की दिशा में अब तक हुई प्रगति का उल्लेख किया, मगर भावी चुनौतियों के प्रति सचेत किया.
उन्होंने कहा कि बीजिंग घोषणापत्र को पारित हुए 30 वर्ष बीत चुके हैं और अब पहले की तुलना में अधिक संख्या में महिलाएँ निर्वाचित हुई हैं, मगर लैंगिक समानता के रास्ते में अब भी व्यवस्थागत अवरोध मौजूद हैं.
महासभा प्रमुख के अनुसार, मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए जिस तरह के राजनैतिक क़दमों व संसाधनों की आवश्यकता है, वह पर्याप्त नहीं है.
मौजूदा रफ़्तार से सभी महिलाओं को निर्धनता से बाहर निकालने में 137 वर्ष का समय लगेगा और बाल विवाह का अन्त करने में 68 वर्ष लग सकते हैं.
फ़िलेमॉन यैंग ने अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह किया कि तीन दशक पहले बीजिंग में किए गए वादों को साकार करना होगा और एक ऐसी दुनिया को आकार देना होगा, जिसमें साझा लक्ष्यों व समानता को सभी महिलाओं व लड़कियो के लिए हासिल किया जाए.