रमदान की शुरुआत पर अमन व न्याय की अपील
दुनिया भर में मुस्लिम समुदाय रमदान की तैयारियों में जुट गए हैं. संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने, मार्च के आरम्भ में शुरू हो रहे मुसलमानों के पवित्र महीने रमदान के दौरान, करुणा, सहानुभूति और उदारता का आहवान किया है. उन्होंने लोगों से अपनी साझा मानवता को अपनाने और एक अधिक न्यायपूर्ण व शान्तिपूर्ण दुनिया की दिशा में काम करने का आग्रह किया.
महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने अपने रमदान सन्देश में कहा है, "इस पवित्र महीने में, हम सभी इन मूल्यों से प्रेरित हों और सभी के लिए अधिक न्यायपूर्ण और शान्तिपूर्ण दुनिया बनाने के लिए अपनी साझा मानवता को अपनाएँ."
उन्होंने कठिनाई, विस्थापन और हिंसा का सामना कर रहे लोगों के प्रति भी सहानुभूति जताते हुए कहा, "मैं उन सभी लोगों के साथ खड़ा हूँ जो पीड़ित हैं. ग़ाज़ा से लेकर सूडान, साहेल और अन्य सभी देश..."
सऊदी अरब के मक्का में पवित्र महीने के लिए उपवास का पहला दिन 1 मार्च (शनिवार) या 2 मार्च (रविवार) को होगा, जो चाँद नज़र आने पर निर्भर करेगा. अन्य देश, विशेष रूप से पश्चिमी गोलार्द्ध में, मक्का से पहले, रमदान का चाँद नज़र आने की सम्भावना है.
रमदान महीना भी, अन्य महीनों की तरह इस्लामी चाँद कैलेंडर से निर्धारित होता है, जो नया चाँद नज़र आने के अगले दिन से आरम्भ होता है.
बांग्लादेश की एकजुटता यात्रा
एंतोनियो गुटेरेश अपनी वार्षिक रमदान एकजुटता यात्रा के तहत 13 से 16 मार्च तक बांग्लादेश की यात्रा करेंगे.
यूएन प्रमुख वहाँ, कॉक्सेज़ बाज़ार में रोहिंज्या शरणार्थियों से मिलेंगे, जो दुनिया की सबसे बड़ी शरणार्थी बस्तियों में से एक है.
वे शरणार्थियों और बांग्लादेशी मेज़बान समुदाय के सदस्यों के साथ इफ़्तार दावत में भी शामिल होंगे.
बांग्लादेश ने म्यांँमार में उत्पीड़न और हिंसा की वजह से भागकर आए क़रीब 10 लाख रोहिंज्या लोगों को शरण दी है.
एंतोनियो गुटेरेश, अपनी यात्रा के दौरान, राजधानी ढाका भी जाएंगे, जहाँ वे अन्तरिम सरकार में मुख्य सलाहकार प्रोफ़ेसर मोहम्मद यूनुस के साथ-साथ नागरिक समाज के युवा प्रतिनिधियों से मिलेंगे.
एक वार्षिक परम्परा
महासचिव के लिए एकजुटता यात्रा एक वार्षिक परम्परा की तरह है. उन्होंने इसकी शुरुआत शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त के कार्यकाल के दौरान की थी, जब उन्होंने विस्थापित और हाशिए पर पड़े समुदायों के साथ रमदान मनाया था.
गुटेरेश ने अपने सन्देश में कहा, "मैं हर साल रमदान के दौरान, दुनिया भर के मुस्लिम समुदाय के साथ एकजुटता यात्रा करता हूँ और उपवास रखता हूँ. ये यात्राएँ दुनिया में इस्लाम के असली रूप को दर्शाती हैं.
उन्होंने कहा, "रमदान करुणा, सहानुभूति और उदारता के मूल्यों का प्रतीक है. यह पवित्र महीना परिवार और समुदाय के साथ फिर से जुड़ने का अवसर है... और मैं हमेशा इस अवसर की शान्ति की उल्लेखनीय भावना से और भी ज़्यादा प्रेरित होता हूँ."