वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

जीवन रक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली, तम्बाकू नियंत्रण सन्धि के 20 वर्ष पूरे

एक व्यक्ति के हाथ का क्लोज-अप, जो एक प्रज्वलित सिगरेट को एक ग्लास एशट्रेय के ऊपर पकड़े हुए है।
© Unsplash/Jonathan Kemper तम्बाकू नियंत्रण के लिए यूएन स्वास्थ्य एजेंसी की फ़्रेमवर्क सन्धि को 20 वर्ष पूरे हो गए हैं.

जीवन रक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली, तम्बाकू नियंत्रण सन्धि के 20 वर्ष पूरे

स्वास्थ्य

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है कि तम्बाकू के दुष्प्रभावों से बचाव पर केन्द्रित एक यूएन सन्धि ने, पिछले दो दशकों में लाखों-करोड़ों ज़िन्दगियों की रक्षा करने में मदद की है. इस सप्ताह यह सन्धि अपने 20 वर्ष पूरे कर रही है.

Framework Convention on Tobacco Control (WHO FCTC) नामक इस सन्धि को इतिहास में ऐसी पहलों में गिना जाता है, जिन्हें व्यापक रूप से अपनाया गया है.

इस कन्वेंशन में एक क़ानूनी फ़्रेमवर्क प्रदान किया गया है और तम्बाकू नियंत्रण के लिए तथ्यों पर आधारित उपाय प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें सिगरेट पैकेट पर स्वास्थ चेतावनी, धूम्रपान पर रोक के लिए क़ानून और तम्बाकू उत्पादों पर टैक्स को बढ़ाने समेत अन्य उपाय हैं. 

Tweet URL

एक अनुमान के अनुसार, विश्व भर में 5.6 अरब लोग, इस सन्धि के तहत आने वाले कम से कम एक नियंत्रण नीति के दायरे में हैं. अध्ययन दर्शाते हैं कि विश्व में धूम्रपान की दरों में गिरावट दर्ज की गई है.

यूएन स्वास्थ्य एजेंसी प्रमुख टैड्रॉस एडहेनॉम घेबरेसेयस ने कहा कि तम्बाकू, मानवता के लिए एक अभिशाप है, यह विश्व भर में बीमारियों और उन मौतों की वजह है जिन्हें रोका जा सकता है.

यह कन्वेंशन, सार्वजनिक स्वास्थ्य के विषय में पहली सन्धि थी, जिसे WHO के तत्वाधान में बातचीत के आधार पर तैयार किया गया. 

यह 27 फ़रवरी 2005 को लागू हुई, इसमें 183 सदस्य शामिल हैं और कुल वैश्विक आबादी का 90 फ़ीसदी हिस्सा इसके दायरे में है.

पाबन्दी व चेतावनी

इस कन्वेंशन के परिणामस्वरूप, 138 देशों में अब सिगरेट के पैकेटों पर चित्रों के ज़रिए स्वास्थ्य चेतावनी दी जाती है. अनेक देशों में पैकेजिंग के लिए ऐसे नियम बनाए गए हैं, जिनसे कोई ब्रांडिंग, लोग या डिज़ाइन नज़र नहीं आता है.

यूएन स्वास्थ्य एजेंसी का मानना है कि इन उपायों से तम्बाकू की खपत में कमी लाने में मदद मिली है, और तम्बाकू का सेवन करने वाले लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया है.

विश्व की कुल एक-चौथाई आबादी अब ऐसी नीतियों के दायरे में है, जिनमें इमारतों व कार्यस्थलों के भीतर सिगरेट पीने पर पाबन्दी है. 

इससे सिगरेट का प्रयोग नहीं करने वाले मगर धूम्रपान करने वाले अन्य लोगों की वजह से इसका जोखिम झेलने वाले लोगों का जीवन बचाने में मदद मिली है.

66 से अधिक देशों में तम्बाकू विज्ञापनों व उन्हें बढ़ावा दिए जाने पर पर पाबन्दी लगा दी गई है, और मीडिया व प्रायोजन समझौतों में भी रोक है.

तम्बाकू का बोझ

तम्बाकू, ग़ैर-संचारी रोगों की एक बड़ी वजह है, जिससे असामयिक मौतें होती हैं और प्रभावित लोग विकलागंता का भी शिकार हो सकते हैं.

तम्बाकू-सम्बन्धी बीमारियों के कारण पीड़ितों पर इलाज के लिए विशाल बोझ पड़ता है, विशेष रूप से निर्धन समुदाय के लोगों के लिए. धूम्रपान करने वाले लोगों को अन्य की तुलना में अक्सर पोषक आहार नहीं मिल पाता है, और सम्पन्न देशों में भी ऐसा हो सकता है.

तम्बाकू की खेती के लिए बड़े पैमाने पर भूमि व जल की ज़रूरत होती है, जिसका इस्तेमाल सतत खाद्य उत्पादन प्रणालियों के लिए भी किया जा सकता है.

साथ ही, प्लास्टिक के इस्तेमाल वाली सिगरेट के बट्स हर साल अरबों की संख्या में फेंक दिए जाते हैं, जिससे पारिस्थितिकी तंत्र दूषित हो जाते हैं.

सार्वजनिक स्वास्थ्य पर आघात

यूएन स्वास्थ्य एजेंसी ने कहा कि तम्बाकू उद्योग से विश्व भर में सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयासों को ठेस पहुँच रही है. युवाओं को लुभावने विज्ञापनों के ज़रिए आकर्षित किया जाता है और तम्बाकू पर नियंत्रण लगाने वाली नीतियों का विरोध किया जाता है.

यूएन एजेंसी के अनुसार, तम्बाकू पर नियंत्रण लगाने के लिए काफ़ी हद तक प्रगति दर्ज की गई है, मगर बहुत कुछ किया जाना बाक़ी है.

तम्बाकू उद्योग से अब भी हर साल लाखों लोगों की जान जा रही है, और विशाल आबादियाँ इसके सामाजिक-आर्थिक दबाव की चपेट में हैं.

इसके मद्देनज़र, यूएन स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस सन्धि के तहत उपायों को अपनाने पर बल दिया है. इसमें तम्बाकू पर टैक्स बढ़ाना, विज्ञापन व प्रायोजकों पर रोक लगाना, नए तम्बाकू व निकोटीन उत्पादों से उत्पन्न हो रही चुनौतियों से निपटने समेत अन्य क़दम हैं.