वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

ग़ाज़ा: बन्धकों के शवों के साथ हमास के दुर्व्यवहार की निन्दा, मानवीय सहायता जारी

ग़ाज़ा में 15 महीने तक इसराइल की भीषण बमबारी में भीषण तबाही हुई है.
UN News
ग़ाज़ा में 15 महीने तक इसराइल की भीषण बमबारी में भीषण तबाही हुई है.

ग़ाज़ा: बन्धकों के शवों के साथ हमास के दुर्व्यवहार की निन्दा, मानवीय सहायता जारी

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने हमास द्वारा गुरूवार को सौंपे गए बन्धकों के शवों के ताबूतों को सार्वजनिक स्थानों पर घुमाए जाने की निन्दा की है और ग़ाज़ा में इन शवों को, मध्यस्थों को सौंपे जाने के तरीक़े को घृणित बताया है. इस बीच ग़ाज़ा में मानवीय सहायता का दायरा लगातार बढ़ रहा है.

हमास के चरमपंथियों ने कहा है कि गुरूवार सुबह लौटाए गए चार लोगों के शव, बिबास परिवार के सदस्यों के हैं जिनमें एक महिला और उसके दो बच्चों के हैं. साथ ही 84 वर्षीय शान्ति पैरोकार ओडेड लिफ़शिट्ज़ का भी शव है.

यह पहली बार है जब हमास ने, जनवरी में इसराइल के साथ युद्धविराम लागू होने के बाद बन्धकों के शव लौटाए हैं, अभी तक जीवित बन्धक सौंपे गए थे. ध्यान रहे कि हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को इसराइल में किए गए आतंकवादी हमलों के दौरान लगभग 250 लोगों को बन्धक बना लिया था.

संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने न्यूयॉर्क में नियमित प्रैस वार्ता में कहा कि अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत, किसी भी मृत व्यक्ति के अवशेषों को सौंपने में "क्रूर, अमानवीय या अपमानजनक व्यवहार के निषेध का पालन करना चाहिए, जिससे मृतक और उनके परिवारों की गरिमा का सम्मान सुनिश्चित हो सके."

प्रवक्ता ने कहा, "मैं आपको बता सकता हूँ कि शवों की परेड और मृतक बन्धकों के ताबूतों को आज सुबह जिस तरह से घुमाया गया, वह घृणित और भयावह है, यूएन महासचिव उसकी निन्दा करते."

युद्धविराम जारी रहना चाहिए

यूएन प्रमुख महासचिव ने नाज़ुक युद्धविराम प्रक्रिया में शामिल सभी पक्षों से अपनी अपील दोहराई कि वे अपनी प्रतिबद्धताओं पर क़ायम रहें और समझौते पर पूर्ण अमल जारी रखें.

शनिवार को छह बन्धकों को रिहा किया जाना है.

हमास ने नवम्बर 2023 में दावा किया था कि शिरी बिबास और उनके दो बेटे इसराइली हवाई हमले में गए थे, मगर कोई सबूत पेश नहीं किए थे. 

ग़ाज़ा में 15 महीनों की इसराइली बमबारी में, भीषण तबाही हुई है.
@UNDP

मृतकों के प्रति सम्मान

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने युद्ध में शामिल पक्षों से आग्रह किया कि वे "मृतकों के अवशेषों का सम्मान करें और उन्हें उनके रिश्तेदारों को लौटा दें, जो अन्तरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून और मानवाधिकार क़ानून के तहत लागू दायित्वों के अनुरूप है."

प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने याद दिलाया कि संयुक्त राष्ट्र ने लम्बे समय से सभी बन्धकों की रिहाई, एक स्थाई युद्धविराम और दो-राष्ट्र की स्थापना समाधान की दिशा में, ऐसी ठोस प्रगति का आहवान किया है, जिसे पलटा नहीं जा सके.

मानवीय सहायता में लगातार वृद्धि

इसराइल के क़ब्ज़े वाले फ़लस्तीनी क्षेत्र के लिए मानवीय समन्वयक मुहन्नाद हादी ने, संयुक्त राष्ट्र प्रवास एजेंसी - IOM की प्रमुख एमी पोप के साथ गुरूवार को, ग़ाज़ा के दक्षिणी क्षेत्रों की यात्रा की है जिस दौरान उनसे तत्काल आश्रय और भोजन सामग्री के हृदयविदारक आग्रह किए गए.

मुहन्नाद हादी और एमी पोप ने जारी सहायता अभियानों पर चर्चा करने के लिए, मानवीय भागीदारों, कर्मचारियों और संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के प्रमुखों के साथ मुलाक़ात की है.

प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा कि ग़ाज़ा में मानवीय सहायता का स्तर लगातार बढ़ रहा है, लगभग सभी जरूरतमन्द लोगों तक खाद्य सामग्री पहुँचाई जा रही है. इनमें अधिकांश परिवारों के लिए एक महीने का राशन भी शामिल है.

पोलियो वैक्सीन अभियान

इस बीच, ग़ाज़ा में पोलियो टीकाकरण के तीसरे दौर की तैयारियाँ जारी हैं, जो शनिवार को फिर शुरू होने वाला है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूएन बाल एजेंसी - UNICEF ने चेतावनी दी है कि ग़ाज़ा में मौजूदा परिस्थितियाँ "पोलियो वायरस के और अधिक फैलने के लिए अनुकूल स्थितियाँ पैदा करती हैं, क्योंकि भीड़भाड़ वाले आश्रयों में और जब पानी, स्वच्छता व स्वच्छता के बुनियादी ढाँचे को नुक़सान पहुँचा हो, तो पोलियो का संक्रमण फैल सकता है."

प्रवक्ता ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र प्रजनन स्वास्थ्य एजेंसी - UNFPA ने बताया कि पिछले दो सप्ताहों में मातृत्व सेवाएँ प्रदान करने वाले सभी अस्पतालों में लगभग 2 हज़ार 400 प्रसवोत्तर किट वितरित किए गए हैं.