DRC: सहायता प्रयासों में अवरोध, विस्थापन व स्वास्थ्य संकट भी गहराया
संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायताकर्मियों ने चेतावनी जारी की है कि काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) के पूर्वी हिस्से में एम23 विद्रोही गुट व सरकारी सुरक्षा बलों के बीच हिंसक टकराव से विस्थापन संकट गहरा रहा है, स्वास्थ्य सेवाओं पर भीषण दबाव है और सहायता मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं.
यूएन शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) की प्रवक्ता युजिन ब्यून ने जिनीवा में शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि संकट बद से बदतर होता जा रहा है, आम नागरिक जान बचाने के लिए उन इलाक़ों में शरण ले रहे हैं, जहाँ असुरक्षा के कारण मानवीय सहायता पहुँचाना सम्भव नहीं है.
काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य में मानवीय सहायता मामलों के लिए यूएन के शीर्ष अधिकारी ब्रूनो लेमारकिस ने एक दिन पहले ही सचेत किया था कि सहायता मार्ग निरन्तर सीमित होते जा रहे हैं, जिससे इस क्षेत्र में राहत अभियान के लिए ख़तरा उपज रहा है.
रवांडा समर्थित एम23 विद्रोही गुट ने पिछले महीने नॉर्थ कीवू प्रान्त की राजधानी गोमा को अपने क़ब्ज़े में ले लिया था, और अब उन्होंने साउथ कीवू की राजधानी बुकावू की ओर बढ़ना शुरू किया है.
साउथ कीवू में यौन हिंसा के पीड़ितों को सहायता पहुँचाने वाले आधे से अधिक संगठन, असुरक्षा व निरन्तर विस्थापन होने के कारण ज़रूरतमन्दों तक सहायता प्रदान करने में असमर्थ हैं.
विस्फोटक सामग्री के अवशेष
यूएन शरणार्थी एजेंसी के प्रवक्ता युजिन ब्यून ने बताया कि भारी गोलाबारी और लूटपाट के कारण दोनों प्रान्तों में कम से कम 70 हज़ार आपात आश्रय स्थल बर्बाद हो गए हैं, जिससे साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों के पास फिर से अपने सिर छिपाने के लिए जगह नहीं है.
क़रीब एक लाख लोगों ने अपने घर लौटने का प्रयास किया, जहाँ बड़े पैमाने पर क्षति हुई है और अति-आवश्यक सेवाओं की क़िल्लत है. अनेक अब भी रास्ते में फँसे हुए हैं.
रिहायशी इलाक़ों में बिना विस्फोट हुई आयुध सामग्री बिखरी हुई है, जोकि आम नागरिकों के लिए घर लौटने में एक बड़ी बाधा है.
UNHCR ने आगाह किया है कि बहुत से लोग एक बार फिर विस्थापित होने के लिए मजबूर हो सकते हैं. गोमा शहर के इर्दगिर्द बनाए गए 28 विस्थापन केन्द्र बर्बाद हो चुके हैं और नार्थ कीवू की राजधानी गोमा से साउथ कीवू के बुकावू को जाने वाली सड़क के ज़रिये सहायता पहुँचाना सम्भव नहीं है.
गोमा एयरपोर्ट के ज़रिये भी मानवीय सहायता पहुँचा पाना कठिन है. इसके मद्देनज़र, जैसे-जैसे साउथ कीवू में हिंसा फैल रही है, सहायता आपूर्ति को सुनिश्चित कर पाना एक बड़ी चिन्ता है.
एमपॉक्स संक्रमण
इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रवक्ता क्रिस्टियान लिन्डमायर ने बताया है कि हिंसक टकराव का एमपॉक्स से निपटने के प्रयासों पर गहरा असर हुआ है, विशेष रूप से गोमा व उसके नज़दीकी इलाक़ों में.
उन्होंने कहा कि डीआरसी, एमपॉक्स के फैलाव के लिए सर्वाधिक प्रभावित देशों में है और कीवू प्रान्त, बेहद संक्रामक वायरस के ‘क्लेड 1बी’ प्रकार की चपेट में हैं.
यूएन एजेंसी के अनुसार वायरस के इस प्रकार के फैलाव में तेज़ी आने से पिछले वर्ष अगस्त में WHO ने एमपॉक्स को फिर से अन्तरराष्ट्रीय चिन्ता वाली सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति घोषित कर दिया था.
इसी महीने, WHO महानिदेशक टैड्रॉस एडहेनॉम घेबरेयेसस ने ध्यान दिलाया था कि डीआरसी के पूर्वी हिस्से में हिंसक टकराव भड़कने से पहले, एमपॉक्स संक्रमण मामलों में स्थिरता आ रही थी, मगर लड़ाई शुरू होने के बाद, संक्रमित व्यक्ति उपचार केन्द्र छोड़कर भाग रहे हैं, जिससे रोग फैलने का जोखिम बढ़ गया है और यह हर किसी के लिए ख़तरनाक है.