वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

DRC: अन्तरराष्ट्रीय कार्रवाई के अभाव में, संकट गहराने की आशंका - वोल्कर टर्क

कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के गोमा में एक पथरीले इलाके में बच्चे धातु के पिंजरे से जुड़ा एक खेल खेल रहे हैं।
United Nations पूर्वी काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य के गोमा शहर में बच्चे.

DRC: अन्तरराष्ट्रीय कार्रवाई के अभाव में, संकट गहराने की आशंका - वोल्कर टर्क

मानवाधिकार

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने आगाह किया है कि काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) में अगर रवांडा समर्थित विद्रोही गुट, एम23 को रोकने के लिए क़दम नहीं उठाए गए, तो वहाँ हालात बद से बदतर हो सकते हैं. उन्होंने शुक्रवार को जिनीवा में मानवाधिकार परिषद के एक विशेष सत्र को सम्बोधित करते हुए, डीआरसी में हिंसक टकराव से उपजे हालात पर गहरी चिन्ता जताई है.

मानवाधिकार मामलों के प्रमुख ने कहा कि काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य के पूर्वी हिस्से में बिगड़ते हालात की आँच, देश की सीमाओं से परे तक पहुँच सकती है. 

26 जनवरी के बाद से अब तक, एम23 लड़ाकों और उसके सहयोगी गुटों के हमलों में, क़रीब तीन हज़ार लोगों की जान जा चुकी है, 2,880 लोग घायल हुए हैं.

लड़ाई के दौरान रिहायशी इलाक़ों में भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया है और डीआरसी के सशस्त्र बलों के विरुद्ध भीषण हमले किए गए हैं. 

Tweet URL

यूएन सदस्य देशों ने पूर्वी डीआरसी के नॉर्थ कीवू व साउथ कीव प्रान्तों में मानवाधिकार उल्लंघन के गम्भीर मामलों की जाँच के लिए एक तथ्य-खोजी मिशन स्थापित किए जाने पर चर्चा की.

यह क्षेत्र खनिज सम्पदा से परिपूर्ण है मगर हथियारबन्द गुटों की सक्रियता की वजह से यह कई दशकों से अस्थिरता से ग्रस्त है, और लाखों लोग अपना घर छोड़कर जाने के लिए मजबूर हुए हैं.

जनवरी के अन्तिम दिनों में, तुत्सी बहुल एम23 लड़ाकों ने नॉर्थ कीवू प्रान्त के कुछ हिस्सों को अपने नियंत्रण में ले लिया, जिनमें राजधानी गोमा के आस-पास के इलाक़े भी हैं. इसके बाद, विद्रोही गुट ने साउथ कीवू प्रान्त में बुकावू शहर का रुख़ किया है.

शुक्रवार को मानवाधिकार परिषद के आपात सत्र में एक प्रस्ताव का मसौदा पेश किया गया, जिसमें एम23 हथियारबन्द गुट के लिए रवांडा के सैन्य समर्थन की निन्दा की गई है.

साथ ही, रवांडा और एम23 से अपने हमले रोकने और हिंसा प्रभावित इलाक़ों में मानवीय सहायता पहुँचाने की अनुमति देने का आग्रह किया गया है.

अस्पतालों को निशाना बनाया गया

मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने आपात सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि गोमा में दो अस्पतालों पर 27 जनवरी को बमबारी हुई, जिनमें अनेक मरीज़ों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए. इनमें महिलाएँ व बच्चे भी हैं.

इसी दिन, गोमा में एक जेल से बड़े पैमाने पर क़ैदी भाग निकलने में कामयाब हो गए, 195 महिला बन्दियों के साथ बलात्कार किए जाने की रिपोर्ट है. इसके बाद, संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग में अधिकाँश की मौत हो गई.

“मैं यौन हिंसा के फैलाव से स्तब्ध हूँ, जोकि लम्बे समय से इस हिंसक टकराव का एक भयावह चेहरा रहा है. मौजूदा परिस्थितियों में हालात के बद से बदतर होने की आशंका है.”

यूएन के शीर्ष अधिकारी के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र कर्मचारी, पूर्वी डीआरसी में बलात्कार, सामूहिक बलात्कार और यौन दासता के आरोपों के सत्यापन में जुटे हैं.

MONUSCO की भूमिका

डीआरसी में यूएन महासचिव की विशेष प्रतिनिधि और यूएन शान्तिरक्षा मिशन (MONUSCO) की प्रमुख बिन्टू कैटा ने बताया कि गोमा की सड़कों पर अब भी शव बिखरे हुए हैं. यहाँ फ़िलहाल एम23 लड़ाकों का क़ब्ज़ा है, और “हालात विनाशकारी हैं.”

उन्होंने चेतावनी जारी की है कि लड़ाई की वजह से स्वास्थ्य जोखिम बढ़ रहे हैं और हैज़ा व एमपॉक्स बीमारियों के फैलाव, इन मामलों के फिर से उभरने का ख़तरा बढ़ा है.

बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में अचानक व्यवधान दर्ज किया गया है, और हिंसक टकराव सम्बन्धी यौन हिंसा व लिंग-आधारित हिंसा के मामलों में भी उछाल आया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्साकर्मियों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है और बुनियादी सेवाएँ मुहैया कराने के लिए उनके पास जनरेटर में ईंधन नहीं है.

इसके मद्देनज़र, विशेष प्रतिनिधि ने अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह किया कि गोमा में तत्काल मानवीय सहायता पहुँचाने की पैरवी की जानी होगी.