क़ाबिज़ पश्चिमी तट में बढ़ती हिंसा, मानवाधिकार कार्यालय ने जताई चिन्ता
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) ने इसराइल द्वारा क़ाबिज़ पश्चिमी तट के जेनिन इलाक़े में बढ़ती हिंसा पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए, इसराइली सुरक्षा बलों द्वारा घातक बल के ग़ैरक़ानूनी इस्तेमाल की निन्दा की है.
यूएन कार्यालय प्रवक्ता थमीन अल-ख़ीतान ने शुक्रवार को बताया कि जेनिन शरणार्थी कैम्प के इर्ग-गिर्द इसराइली सैन्य कार्रवाई के दौरान, ग़ैर-आनुपातिक ढंग से बल प्रयोग किया गया है. इसमें हवाई हमले और कथित तौर पर निहत्थे निवासियों पर गोलियाँ चलाए जाने की ख़बहें हैं.
“हाल के दिनों में जानलेवा इसराइली कार्रवाई से अनावश्यक व ग़ैर-आनुपातिक बल प्रयोग के प्रति गहरी चिन्ता है, जिनमें युद्ध में लड़ाई के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे तौर-तरीक़े और साधन भी हैं.”
OHCHR प्रवक्ता के अनुसार यह क़ानून व्यवस्था सम्बन्धी अभियान के दौरान लागू होने वाले अन्तरराष्ट्रीय मानवाधिकार क़ानून, मानदंडों और मानकों की अवहेलना है.
यूएन कार्यालय ने मंगलवार से अब तक 12 फ़लस्तीनियों के मारे जाने की पुष्टि की है, जिनमें अधिकाँश के पास हथियार नहीं थे. 40 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक डॉक्टर, दो नर्स भी बताए गए हैं.
नागरिकों की रक्षा का दायित्व
थमीन अल-ख़ीतान ने कहा कि एक क़ाबिज़ शक्ति के तौर पर इसराइल का अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत यह दायित्व है कि क़ब्ज़े वाले इलाक़ों में रह रहे आम नागरिकों की रक्षा की जाए.
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि ग़ैरक़ानूनी ढंग से लोगों को मार दिए जाने के आरोपों की जाँच कराई जानी होगी और जवाबदेही तय नहीं होने से हिंसा को बढ़ावा मिलेगा.
यूएन कार्यालय प्रवक्ता ने कहा कि पिछले वर्षों में ग़ैरक़ानूनी ढंग से लोगों को मारे जाने के मामलों में सुरक्षा बलों की जवाबदेही तय नहीं की गई है.
इससे इसराइल ना केवल अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत अपने दायित्वों का उल्लंघन कर रहा है बल्कि जान से मारने की इन घटनाओं को फिर से होने के लिए बढ़ावा मिल रहा है.
समुदायों पर असर
पिछले कुछ दिनों से जारी हिंसा की वजह से अब तक तीन हज़ार परिवार, जेनिन में विस्थापित हो चुके हैं. बिजली व जल आपूर्ति समेत अति-आवश्यक कई सप्ताह से ठप हैं.
इसराइली सैन्य बलों ने हेब्रॉन समेत फ़लस्तीनी शहरों के मुख्य प्रवेश मार्गों को बन्द कर दिया है जिससे दैनिक जीवन पर गहरा असर हुआ है. बताया गया है कि क़ाबिज़ पश्चिमी तट के कई शहरों के मुख्य प्रवेश द्वार पर लोहे के नए गेट लगाए गए हैं.
इससे पहले, यूएन आपात सहायता समन्वयक टॉम फ़्लेचर ने गुरूवार को सुरक्षा परिषद को सम्बोधित करते हुए सचेत किया था कि क़ाबिज़ पश्चिमी तट में अक्टूबर 2023 के बाद से रिकॉर्ड स्तर पर लोगों के हताहत, विस्थापित होने और आवाजाही पर पाबन्दियाँ थोपे जाने के मामले सामने आए हैं.
इसराइली बस्तियों का विस्तार
इसराइली सैन्य बलों की कार्रवाई से इतर, इसराइली बस्तियों के बाशिन्दों द्वारा फ़लस्तीनी गाँवों व वाहनों पर हमले किए जाने की ख़बरें भी हैं, जिनमें अनेक फ़लस्तीनी घायल हुए हैं.
OHCHR कार्यालय के अनुसार, घरों व वाहनो को आग के हवाले कर दिया गया है. इस बीच, इसराइली अधिकारियों ने बस्तियों के विस्तार की बात कही है, जोकि अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के अनुरूप नहीं है.
इसके मद्देनज़र, उन्होंने पश्चिमी तट में हिंसा पर तुरन्त विराम लगाने का आग्रह किया है और सभी पक्षों से अपील की है कि क्षेत्र में शान्ति को हासिल करने के लिए हरसम्भव प्रयास किए जाने होंगे.
यूएन कार्यालय प्रवक्ता ने इसराइली बस्तियों के विस्तार को रोके जाने और अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत, सभी बस्तियों को खाली करने की अपील की है.