हेती: आपराधिक गैंग की हिंसा में 184 की मौत, यूएन महासचिव ने की निन्दा
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने हेती में आपराधिक गुटों की हिंसा में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने पर गहरा क्षोभ प्रकट किया है और दोषियों की जवाबदेही तय किए जाने पर बल दिया है. उन्होंने सदस्य देशों से आग्रह किया है कि हेती में आपराधिक गुटों पर लगाम कसने के लिए बहुराष्ट्रीय सुरक्षा समर्थन मिशन को मज़बूती करना होगा.
हेती में पिछले सप्ताहांत, राजधानी पोर्त-ओ-प्रिन्स के सीटे सोलेइल नामक एक इलाक़े में 6-8 दिसम्बर के दौरान कम से कम 184 लोगों को जान से मार दिए जाने की ख़बर है.
एक हथियारबन्द गुट द्वारा इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है. मृतकों में 127 बुज़ुर्ग पुरुष व महिलाएँ बताए गए हैं.
यूएन के शीर्षतम अधिकारी के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने सोमवार को उनकी ओर से एक वक्तव्य जारी किया, जिसमें उन्होंने इस भयावह घटना के पीड़ितों और उनके परिजन के प्रति अपनी गहरी सम्वेदना व्यक्त की है.
महासचिव ने हेती सरकार से इस मामले की विस्तृत जाँच कराने और सभी दोषियों की जवाबदेही तय करने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि मानवाधिकार दुर्व्यवहार व उल्लंघन मामलों के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाना होगा.
इस वर्ष आपराधिक गुटों की हिंसा में अब तक पाँच हज़ार से अधिक लोगों की मौत हुई है, हालांकि वास्तविक आँकड़ा इससे अधिक होने की आशंका है.
हेती में सात लाख लोग आन्तरिक विस्थापन का शिकार हैं, जिनमें क़रीब 50 फ़ीसदी बच्चे हैं. 55 लाख से अधिक लोगों को मानवीय सहायता की आवश्यकता है.
सहायता व समर्थन की दरकार
पिछले महीने, संयुक्त राष्ट्र की रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर उलरिका रिचर्डसन ने बताया था कि हेती में मानवीय सहायता के लिए सीमित संसाधन हैं और हालात बिगड़ने के कारण उन पर बोझ बढ़ रहा है.
महासचिव गुटेरेश ने हेती में हालात पर क़ाबू पाने के लिए सदस्य देशों से केनया के नेतृत्व में बहुराष्ट्रीय सुरक्षा समर्थन मिशन को पर्याप्त वित्तीय व अभियान संचालन समर्थन मुहैया कराने का आग्रह किया है.
उनके अनुसार, हेती की राष्ट्रीय पुलिस द्वारा आपराधिक गुटों की हिंसा पर लगाम कसने के लिए यह समर्थन ज़रूरी है. साथ ही, उन्होंने हेती में सभी हितधारकों से अपील की है कि राजनैतिक बदलाव की दिशा में प्रगति हासिल करने के लिए तेज़ी से क़दम बढ़ाए जाने होंगे.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अस्थिरता व हिंसा से जूझ रहे कैरीबियाई देश हेती में, बहुराष्ट्रीय सुरक्षा समर्थन मिशन की तैनाती को, इस वर्ष सितम्बर महीने में फिर से 12 महीने के लिए स्वीकृति दी थी.