वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

यूएन मुख्यालय में हिन्दी दिवस, हिन्दी भाषा की समृद्ध विरासत का उत्सव

हिंदी दिवस 2024 के लिए एक डिस्प्ले कार्ड, जिसमें भारतीय ध्वज के रंग, न्यूयॉर्क स्थित भारतीय दूतावास का लोगो और 'एक पृथ्वी • एक परिवार • एक भविष्य' पाठ अंकित है।
UN News न्यूयॉर्क स्थित यूएन मुख्यालय में हिन्दी दिवस (22 नवम्बर 2024)

यूएन मुख्यालय में हिन्दी दिवस, हिन्दी भाषा की समृद्ध विरासत का उत्सव

संस्कृति और शिक्षा

भारत में हर साल 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस मनाया जाता है. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन ने 22 नवम्बर को यूएन मुख्यालय में हिन्दी दिवस मनाने का एक कार्यक्रम आयोजित किया है. इस हिन्दी दिवस के लिए कुछ प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गई जिनमें महिला सशक्तिकरण पर निबन्ध लेखन, हिन्दी के महत्व पर कविता, गीत या भजन गायन और भारत की सभ्यता पर ज्ञान प्रतियोगिता (Quiz) शामिल हैं.

निबन्ध लेखन में (सुश्री) अनुशा वंगानू को प्रथम स्थान मिला है. कविता में प्रथम स्थान डॉक्टर योगिता मोदी को प्राप्त हुआ है और गीत/ भजन गायन में प्रथम स्थान (सुश्री) अपूर्वा श्रीवास्तव ने हासिल किया है.

Tweet URL

संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक संचार विभाग में न्यूज़ और मीडिया डिवीज़न के डायरेक्टर, ईयन फ़िलिप्स ने इस कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए, हिन्दी की महत्ता पर प्रकाश डाला.

ईयन फ़िलिप्स ने कहा कि हिन्दी की वैश्विक पहुँच, वाक़ई बहुत शानदार है. "दुनिया भर में 60 करोड़ से अधिक लोग, हिन्दी को, दुनिया में सबसे अधिक बोली जाने वाली तीसरी भाषा बनाए हुए हैं. संयुक्त राष्ट्र में हिन्दी, सबसे पहले वर्ष 1949 महासभा में बोली गई थी."

उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े फ़िल्म जगत बॉलीवुड ने हिन्दी और भारतीय संस्कृति को दुनिया भर में फैलाने में असाधारण भूमिका निभाई है.

हिन्दी की महत्ता का उत्सव

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि राजदूत पी हरीश ने इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए, हिन्दी की विरासत और महत्ता को रेखांकित किया.

उन्होंने कहा, "हिन्दी दिवस पर बोलना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है. यह दिन हिन्दी भाषा और हमारे राष्ट्रीय जीवन में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका का उत्सव है."

भारतीय राजदूत पी हरीश ने कहा कि इस वर्ष का हिन्दी दिवस इस सन्दर्भ में और भी महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि यह हिन्दी को भारत की आधिकारिक भाषा और राजभषा के रूप में अपनाए जाने का 75वाँ वर्ष है. 

"और हम आज संयुक्त राष्ट्र में हिन्दी के महत्व पर प्रकाश डाल रहे हैं."

इस कार्यक्रम में गुयाना, सूरीनाम, नेपाल सहित अनेक देशों के राजदूतों ने, अनेक देशों में हिन्दी के प्रयोग और अहमियत को रेखांकित किया. विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए गए.

इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को, हिन्दी दिवस कार्यक्रम में पुरस्कार वितरित किए किए गए. इस कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग यहाँ देखी जा सकती है...