वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

लेबनान: सिलसिलेवार पेजर विस्फोट से उपजा तनाव, संयम बरते जाने का आग्रह

लेबनान के बेरूत में एक बाज़ार का दृश्य.
© World Bank/Dominic Chavez लेबनान के बेरूत में एक बाज़ार का दृश्य.

लेबनान: सिलसिलेवार पेजर विस्फोट से उपजा तनाव, संयम बरते जाने का आग्रह

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने लेबनान और सीरिया में बड़ी संख्या में संचार उपकरणों, पेजर फटने और इन हमलों में हताहत हुए लोगों पर गहरी चिन्ता व्यक्त की है. उन्होंने बुधवार को हमलों की नई लहर के बाद मध्य पूर्व क्षेत्र में हिंसा में आई तेज़ी पर तुरन्त विराम लगाने की अपील की है.

समाचार माध्यमों के अनुसार, मंगलवार को लेबनान में, बड़े पैमाने पर एक साथ हुए पेजर विस्फोटों के बाद, बुधवार को फिर से हिज़बुल्लाह चरमपंथी गुट के सदस्यों द्वारा इस्तेमाल में लाई जाने वाली वॉकी-टॉकी में धमाके हुए हैं.

17-18 सितम्बर को हुई इन घटनाओं में बच्चों समेत कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है और हज़ारों अन्य घायल हुए हैं.

समन्वित ढंग से किए गए इन हमलों में चरमपंथी गुट हिज़बुल्लाह के सदस्यों को निशाना बनाया गया, जो जानकारी के आदान प्रदान के लिए इलैक्ट्रॉनिक पेजर उपकरण का इस्तेमाल कर रहे थे.

Tweet URL

हिज़बुल्लाह गुट के सदस्यों के ये उपकरण एक समय पर ही फट पड़े, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई और हज़ारों अन्य घायल हुए हैं, जिनमें से बहुत से सदस्यों की हालत गम्भीर है.

महासचिव गुटेरेश के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने बुधवार को उनकी ओर से एक वक्तव्य जारी किया, जिसमें उन्होंने सभी सम्बद्ध पक्षों से टकराव को टालने के लिए अधिकतम संयम बरतने की अपील की है.

यूएन प्रमुख ने सभी पक्षों से सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 को पूर्ण रूप से लागू करने और उसके लिए प्रतिबद्धता दर्शाने का आग्रह किया है. उनके अनुसार, टकराव पर विराम लगाना होगा और स्थिरता बहाल करनी होगी.

महासचिव गुटेरेश ने मध्य पूर्व क्षेत्र में हिंसा का अन्त करने के लिए सभी राजनैतिक व कूटनैतिक प्रयासों को अपना समर्धन देने की बात कही है, ताकि इस ख़तरे को टाला जा सके.

जाँच की मांग

यूएन मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने भी टकराव को वृहद क्षेत्र में फैलने से रोकने का आग्रह किया है, और क्षोभ व्यक्त किया है कि पहले से ही क्षेत्र में हर दिन भयावह व पीड़ा से भरा है.

उन्होंने कहा कि टकराव में तुरन्त कमी लानी होगी और सभी नेताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि आम नागरिक शान्ति व सुरक्षा में जीवन बिताने के अपने अधिकार को साकार कर सकें.

उच्चायुक्त टर्क ने एक समय पर हज़ारों व्यक्तियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को मानवाधिकार क़ानून का उल्लंघन क़रार दिया, जिसकी स्वतंत्र व पारदर्शी जाँच कराई जानी होगी.

चिन्ताजनक घटनाक्रम

इससे पहले, लेबनान के लिए संयुक्त राष्ट्र की विशेष समन्वयक जिनीन हेनिस-प्लाशर्ट ने मंगलवार को देश भर में हुए हमलों की निन्दा करते हुए, शान्ति बनाए रखने की पुकार लगाई थी. पेजर उपकरणों के फटने की इस लहर में बच्चों समेत कम से कम 9 लोगों की जान गई है और हज़ारों अन्य घायल हुए हैं.

यूएन समन्वयक हैनिस-प्लाशर्ट ने अपने एक वक्तव्य में कहा कि यह घटनाक्रम, चिन्ताजनक हालात और बढ़ते टकराव को दर्शाता है, एक ऐसे माहौल में जो पहले से नाज़ुक है.

उन्होंने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के अनुरूप, सभी सम्बद्ध पक्षों को यह सुनिश्चित करना होगा कि आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाया जाए और उनकी हर समय रक्षा की जाए.

अभी इस हमले का असर पूर्ण रूप से स्पष्ट नहीं हो पाया है, मगर यूएन अधिकारी ने चिन्ता जताई कि भड़काऊ बयानबाज़ी या किसी ऐसे क़दम से परहेज़ बरता जाना होगा, जिससे पूरे क्षेत्र में टकराव भड़कता हो. उनके अनुसार, इसका जोखिम मोल नहीं लिया जा सकता है.

विशेष समन्वयक ने शान्ति बनाए रखने की अहमियत को रेखांकित किया और सभी पक्षों से आग्रह किया कि स्थिरता को प्राथमिकता देनी होगी, चूँकि बहुत कुछ दाँव पर लगा है.

इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की टीम लेबनान में अस्पतालों में मौजूदा आपात स्थिति के मद्देनज़र सहायता प्रदान करने में जुटी है. बड़ी संख्या में पेजर उपकरण फटने से चिकित्सा सहायता के लिए आने वाले लोगों का ताँता लगा हुआ है.