वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

लेबनान: ब्लू लाइन पर विस्फोट में यूएन शान्तिरक्षक घायल, जाँच शुरू

दक्षिण लेबनान में गश्त पर तैनात UNIFIL के शांति सैनिक।
UNIFIL/Pasqual Gorriz लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अन्तरिम बल शान्तिरक्षक, गश्त के दौरान. (फ़ाइल 2020)

लेबनान: ब्लू लाइन पर विस्फोट में यूएन शान्तिरक्षक घायल, जाँच शुरू

शान्ति और सुरक्षा

लेबनान में तैनात संयुक्त राष्ट्र शान्तिरक्षा बल (UNIFIL) ने देश के रमीश इलाक़े में हाल ही में हुए एक विस्फोट की जाँच शुरू करने की घोषणा की है, जिसमें चार निहत्थे यूएन शान्तिरक्षक घायल हो गए हैं. 

लेबनान में यूएन शान्तिरक्षा मिशन ने बताया है कि ये शान्तिरक्षक इसराइल और लेबनान को बाँटने वाली ब्लू लाइन के पास पैदल गश्त लगा रहे थे.

यूनीफ़िल के प्रवक्ता एंड्रिया टैनेंटी शनिवार को जारी एक प्रैस वक्तव्य में कहा है कि घायल हुए चारों शान्तिरक्षकों को, इलाज के लिए चिकित्सा सुविधाओं में पहुँचाया गया है. इन घायलों में तीन सैन्य पर्यवेक्षक यूएन समझौता निगरानी संगठन – UNTSO से सम्बद्ध हैं और एक लेबनानी भाषा सहायक हैं.

Tweet URL

लेबनान की सरकारी राष्ट्रीय समाचार सेवा ने बताया है कि यूएन शान्तिरक्षकों को, ड्रोन विमानों के ज़रिए किए गए “एक इसराइली हमले का निशाना” बनाया गया. 

जबकि इसराइल के सैन्य प्रवक्ता अविशय ऐड्राई ने एक ट्वीट सन्देश में कहा है कि इसराइली सैन्य बलों ने, रमीश इलाक़े में यूनीफ़िल के  किसी वाहन को निशाना नहीं बनाया है.

यूनीफ़िल के प्रवक्ता एंड्रिया टैनेंटी ने बताया कि UNTSO पर्यवेक्षक, लेबनान पर्यवेक्षक समूह (OGL) का हिस्सा हैं और वो लेबनान में यूए शान्तिरक्षा मिशन को लागू कराने में, सहयोग करते हैं.

लेबनान में यूएन शान्तिरक्षा मिशन के शासनादेश में, युद्धक गतिविधियों की समाप्ति की निगरानी करना, नागरिक आबादियों तक मानवीय सहायता की आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद करना और देश की सीमाओं पर सुरक्षा मज़बूत करने में, लेबनानी सरकार की सहायता करना शामिल है.

यूनीफ़िल के प्रवक्ता ने, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत, टकराव के सभी पक्षों की ज़िम्मेदारियों को रेखांकित किया जिनमें, ग़ैर-लड़ाका व्यक्तियों और पक्षों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाना शामिल है.

व्यापक भड़काव का जोखिम

प्रवक्ता ने साथ ही, भारी गोलीबारी बन्द किए जाने का भी आहवान किया, “इससे पहले कि और अधिक लोग, ग़ैर-ज़रूरी रूप में घायल हो जाएँ”.

यूनीफ़िल के प्रवक्ता एंड्रिया टैनेंटी ने एक मीडिया इंटरव्यू में बताया कि 7 अक्टूबर को, इसराइल में हमास के हमलों के बाद, लेबनान के दक्षिणी इलाक़े में स्थिति लगातार तनावपूर्ण हुई है, जिसमें लेबनान के काफ़ी भीतरी इलाक़ों में भी गोलाबारी की जा रही है, जिससे “एक व्यापक टकराव भड़क सकता है”.

यूनीफ़िल ने इस विस्फोट से दो दिन पहले, ब्लू लाइन के आसपास “हिंसा वृद्धि” पर चिन्ता व्यक्त की थी, जिसमें आम लोग हताहत हुए हैं और घरों व आजीविकाओं का भी नुक़सान हुआ है.

यूनीफ़िल ने युद्धविराम लागू किए जाने का आहवान किया है और टकराव के सभी पक्षों से, एक टिकाऊ राजनैतिक व कूटनैतिक समाधान के लिए, प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है.

यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने, शनिवार देर रात को जारी एक वक्तव्य में कहा कि ब्लू लाइन के आसपास स्थिति एक गम्भीर चिन्ता का कारण बनी हुई है. 

इसमें उन्होंने लेबनान में स्थित ग़ैर-देशीय सशस्त्र गुटों और इसराइली सैन्य बलों के बीच, 8 अक्टूबर के बाद से, लगभग हर रोज़ गोलीबारी हुई है.

यूएन प्रमुख ने कहा कि इस गोलीबारी में आम लोग हताहत हुए हैं, रिहाइशी और कृषि इलाक़ों का विनाश हुआ है, और ब्लू लाइन के दोनों तरफ़, हज़ारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा है.

उन्होंने कहा कि यह स्थिति अस्वीकार्य है, और लेबनान, इसराइल और क्षेत्र में, सुरक्षा व स्थिरता को जोखिम में डालती है.