वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

भारत की महिला क्रिकेट टीम, लैंगिक समानता मुहिम में शामिल

यूपी वॉरियर्ज़ महिला क्रिकेट टीम की एक टीम फोटो जिसमें वे UN Women के साथ पोज दे रही हैं, और अपनी 'जेनरेशन इक्वालिटी एलायंसशिप' मान्यता का जश्न मना रही हैं।
© UP Warriorz भारत में महिला क्रिकेट टीम, यूपी वॉरियर्स .

भारत की महिला क्रिकेट टीम, लैंगिक समानता मुहिम में शामिल

महिलाएँ

भारत में महिला क्रिकेट की एक टीम - यूपी वॉरियर्स, अब महिलाओं को मज़बूत करने और लैंगिक समानता के लिए जागरूकता बढ़ाने के मिशन में सक्रिय भूमिका निभाएंगी. संयुक्त राष्ट्र महिला संस्था (UN Women ) ने भारत में महिलाओं की मज़बूती और महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन देने के लिए, महिला प्रीमियर लीग (WPL) टीम - ‘यूपी वॉरियर्स’ को अपने मिशन में शामिल किया है.

लैंगिक समानता और महिलाओं की मज़बूती के लिए समर्पित संयुक्त राष्ट्र इकाई - यूएन वीमेन ने कैपरी स्पोर्ट्स की टीम 'यूपी वॉरियर्स' को 'Generation Equality' की मुहिम में एक अहम साथी का दर्जा दिया है. 

महिला प्रीमियर लीग (WPL) में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली यूपी वॉरियर्स, अकेली ऐसी भारतीय महिला क्रिकेट टीम होगी, जिसे यूएन महिला संस्था ने खेल वर्ग में, लैंगिक-समानता की चैम्पियन बनाने के लिए चुना है.

समानता में अहम भूमिका

Tweet URL

क्रिकेट टीम के साथ यूएनवीमेन की साझेदारी, खेलों में समानता की पैरोकारी करने पर केन्द्रित होगी, जिसमें महिला खिलाड़ियों के प्रति व्याप्त रूढ़िवादिता व पूर्वाग्रहों से निपटना भी शामिल होगा.

इस मिशन के तहत, इस बार अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस 2024 के लिए, यूपी वॉरियर्स की खिलाड़ी विभिन्न मीडिया माध्यमों पर, मज़बूत सन्देशों के ज़रिए, खेलों में लैंगिक अन्तर को पाटने की पैरोकारी करेंगी.

भारत में यूएन वीमेन की प्रतिनिधि सूसन फ़र्ग्यूसन ने इस अवसर पर कहा, “खेल महिला मज़बूती का एक शक्तिशाली औज़ार है. मुझे खेलों में यूपी वॉरियर्स का, अपने पहले 'जैनरेशन इक्वैलिटी सहयोगी' के रूप में  स्वागत करते हुए ख़ुशी हो रही है."

"यह साझेदारी, खेलों में लैंगिक रूढ़िवादिता को चुनौती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण क़दम है. यह क़दम, लैंगिक-समान दुनिया की पैरोकारी के हमारे मिशन के साथ पूरी तरह मेल खाता है.”

क्रिकेट की लोकप्रियता का लाभ

यूपी वारियर्स की टीम, खेलों, ख़ासतौर पर क्रिकेट की लोकप्रियता का लाभ उठाकर, लड़कियों को अपने सपनों एवं आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने, लैंगिक रूढ़िवादिता को चुनौती देने तथा अपने समुदायों में बदलाव का कारक बनने के लिए प्रेरित करेगी. 

यह टीम, लिंग आधारित हिंसा के ख़िलाफ़, यूएन वीमेन के 16 दिनों के सक्रियता अभियान #AbKoiBahanaNahi का हिस्सा थी. इस अभियान ने सोशल मीडिया के ज़रिए लाखों लोगों तक पहुँच बनाई.

कैपरी स्पोर्ट्स की निदेशक जिनिशा शर्मा ने इस अवसर पर कहा, “यूपी वॉरियर्स टीम, उत्तर प्रदेश और उसके बाहर शिक्षा एवं विकास तथा मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरूकता पर केन्द्रित कार्यक्रमों के ज़रिए, महिला मज़बूती के रास्ते में आने वाली बाधाओं का, सक्रियता से सामना कर रही है."

"हम अपनी मुहिम का असर बढ़ाने और इस मंच के ज़रिए बदलाव लाने के लिए, यूएन वीमेन के साथ साझेदारी को लेकर उत्साहित हैं. हमारा ध्यान मैदान और उसके बाहर भी, अपनी छाप छोड़ने पर रहेगा."