वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

'रोबोट कारों' की सुरक्षा पुख़्ता करने के तरीक़े?

स्वचालित टेस्ला कार.
© Ian Maddox स्वचालित टेस्ला कार.

'रोबोट कारों' की सुरक्षा पुख़्ता करने के तरीक़े?

यूएन मामले

दशकों से विभिन्न तरह की "स्वचालित" कारों की संकल्पना मौजूद रही हैजो हमें व्यवस्थिततरीक़े से भीड़भाड़-मुक्त सफ़र पर ले जाने में सक्षम हों. लेकिनहाल के वर्षों में हुई प्रभावशाली तकनीकी प्रगति के बावजूदइसका सम्पूर्ण कार्यान्वयन अभी लक्ष्य से बहुत दूर है.

"कनैक्टेड वाहनों" यानि इंटरनैट और अन्य तकनीक के ज़रिए आपस में जुड़े हुए वाहनों में हैकिंग का डर भी होता है, और इन कारों को असामाजिक तत्व या संगठन दूर बैठे ही नियंत्रित कर सकते हैं. इसका एक अच्छा उदाहरण, हाल ही में आई फ़िल्म, ‘लीव द वर्ल्ड बिहाइंड’ में दिखाया गया है. इस फ़िल्म के एक दृश्य में सैकड़ों इलैक्ट्रिक कारों को हैक कर लिया जाता है, जिससे वे न्यूयॉर्क के राजमार्ग पर एक-दूसरे से टकरा जाती हैं.

फिर भी, कार उद्योग नवीनतम कार मॉडलों में आधुनिकतम स्वायत्तता स्तर पेश करने की योजना आगे बढ़ा रहा है. ऐसे में, संयुक्त राष्ट्र, देशों की सरकारों और परिवहन उद्योग के साथ चर्चाएँ कर रहा है, जिससे स्वचालित ड्राइविंग को नियंत्रित करने वाले अन्तरराष्ट्रीय नियम एवं दिशानिर्देश विकसित किए जा सकें.

फ्रैंकॉएज़ गुइचार्ड, ‘बुद्धिमत्ता परिवहन प्रणाली एवं स्वायत्त ड्राइविंग पर संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख अधिकारी हैं और स्वचालित व कनैक्टेड वाहनों पर कार्यकारी पक्ष के सचिव हैं. उन्होंने यूएन न्यूज़ के कॉनर लेनन को बताया कि चालक रहित कारों को लेकर प्रचार, हमेशा वास्तविकता से आगे रहा है.

फ्रैंकॉएज़ गुइचार्ड: लगभग एक दशक पहले, घोषणा की जा रही थी कि चार साल के भीतर चालक रहित कारें सड़क पर दौड़ेंगी. हालाँकि, यह इतना आसान नहीं था. संयुक्त राष्ट्र में हमने, वर्ष 2015 में इस विषय पर अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग का आहवान किया था, और अब हम अधिकारियों और वाहन निर्माताओं के साथ विचार-विमर्श के ज़रिए, इन वाहनों के लिए वैश्विक नियम विकसित कर रहे हैं.

सैन फ़्रांसिस्को की सड़क पर एक स्वचालित कार.
© Unsplash/Timo Wielink

यूएन न्यूज़: क्या आप ऐसे भविष्य की कल्पना कर सकते हैं जिसमें अधिकतर कारें स्वचालित होंगी?

फ्रैंकॉएज़ गुइचार्ड: हम सबसे पहले सुरक्षित वातावरण बनाना चाहते हैं और हमें उम्मीद है कि तकनीकी प्रगति के साथ, स्वचालित प्रौद्योगिकियों के लिए ऐसी सड़कें बनाई जाएँगी, जो अधिक सुरक्षित हों. सन्दर्भ के लिए, विश्व स्तर पर हर वर्ष लगभग 13 लाख मौतें, सड़क दुर्घटनाओं में होती हैं: जो सड़क सुरक्षा का एक बड़ा संकट है.

इसमें प्रगति के कई स्तर हैं. कार उद्योग ने स्वचालन के विभिन्न स्तरों को परिभाषित किया है, शून्य (कोई स्वचालन नहीं) से पाँच अंकों तक, जो पूर्णत: स्वचालित है. इसका अर्थ है कि सभी परिस्थितियों में एक प्रणाली वाहन को नियंत्रित करती है. 

आज, अनेक देशों में दूसरे स्तर की तकनीक वाली कारें हैं, जिनमें कुछ सहायता के साथ ड्राइवर का नियंत्रण होता है. अब कुछ कारों में तीसरे स्तर की तकनीक देखी जा रही हैं, जहाँ यातायात जाम और उच्च रफ़्तार वाली सड़कों पर अधिक स्वायत्तता का उपयोग किया जाता है.

अगला क़दम हैं - ऐसे वाहन, जो सीमित परिस्थितियों में पूरी तरह से स्वायत्त रूप से चलने में सक्षम हों, और ऐसे वाहन अब नज़र आने लगे हैं. 

इस वर्ष, हम स्वचालित चालक प्रणाली के लिए वैश्विक तकनीकी नियम विकसित कर रहे हैं. उद्योग का कहना है कि वह इसके लिए तैयार है, इसलिए हम उम्मीद कर रहे हैं कि ऐसा होना सम्भव होगा. लेकिन अभी बहुत सारी चुनौतियाँ हैं: सड़क सुरक्षा संकट के अलावा, परिवहन के पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को कम करने के लिए प्रभावी तकनीकी उपाय.

यूएन न्यूज़: कनैक्टेड कारों को हैकर्स के ख़तरे से बचाने व हमारी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं?

फ्रैंकॉएज़ गुइचार्ड: यह एक बहुत ही गम्भीर मुद्दा है. हर नए वाहन के साथ जोखिम होता है. मूल रूप से यही कारण है कि इस कार्यकारी पक्ष ने साइबर सुरक्षा के लिए, वर्ष 2020 में तकनीकी नियम अपनाए. 

कुछ देश अब इन नियमों को अनिवार्य कर रहे हैं, इसलिए कार उद्योग इसकी तैयारी में लगा है. ये नियम यह सुनिश्चित करने के लिए हैं कि सभी प्रक्रियाएँ सही जगह पर हों और कोई समस्या होने पर हमारे पास प्रतिक्रियात्मक उपाय मौजूद हों.