वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां
विभिन्न पृष्ठभूमि के युवाओं का एक समूह एक शोक सभा में सफेद मोमबत्तियां पकड़े हुए है। उनके पीछे की दीवार पर एक बड़ा, हल्के रंग का लोगो प्रदर्शित हो रहा है।

जनसंहार सन्धि के बारे में कुछ अहम जानकारी

UN Photo/Violaine Martin रवांडा में 1994 में तुत्सी समुदाय के विरुद्ध जनसंहार की स्मृति में कार्यक्रम. (2019)

जनसंहार सन्धि के बारे में कुछ अहम जानकारी

क़ानून और अपराध रोकथाम

दक्षिण अफ़्रीका ने 23 लाख फ़लस्तीनी आबादी वाले ग़ाज़ा पट्टी इलाक़े में, भीषण बमबारी व ज़मीनी युद्ध की मौजूदा स्थिति के मद्देनज़र, इसराइल पर जनसंहार सन्धि का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है.

इस सिलसिले में, द नैदरलैंड्स में हेग-स्थित संयुक्त राष्ट्र अदालत, अन्तरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) में 29 दिसम्बर को मुक़दमा दर्ज किया गया था. 

इसमें दक्षिण अफ़्रीका ने कहा है कि 7 अक्टूबर के बाद से इसराइल, जनसंहार की रोकथाम करने में विफल साबित हुआ है. ना ही उसने, सीधे तौर पर जनसंहार को अंजाम देने या फिर उसके लिए प्रत्यक्ष रूप से भड़काने की गतिविधियों को रोकने के लिए कोई अदालती कार्रवाई की है.

तो, जनसंहार सन्धि (Genocide Convention) क्या है?

बुनियादी जानकारी

वर्ष 1948 में, जनसंहार के अपराध की रोकथाम व दंड के लिए सन्धि पारित की गई थी, जोकि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा पारित पहली मानवाधिकार सन्धि है. 

यह दूसरे विश्व युद्ध में यहूदियों के जनसंहार (हॉलोकॉस्ट) की पृष्ठभूमि में पारित हुई, जब जर्मनी में नात्सी शासन के दौरान व्यवस्थागत ढंग से 60 लाख से अधिक यहूदी लोगों को जान से मार दिया गया था.

इसे जनसंहार सन्धि के रूप में जाना जाता है, और यह जनसंहार के अत्याचारों को फिर कभी ना दोहराए जाने के लिए अन्तरराष्ट्रीय समुदाय के संकल्प को दर्शाती है. 

मगर, इसके बाद भी 1994 में रवांडा में और 1995 में स्रेब्रेनीत्सा समेत कुछ अन्य जनसंहार मामलों को अंजाम दिया गया है.

इस सन्धि में कुल 19 अनुच्छेद हैं, और ये कन्वेंशन जनसंहार की पहली, अन्तरराष्ट्रीय क़ानूनी परिभाषा प्रदान करती है.

साथ ही, इसमें उन 153 सदस्य देशों के दायित्व को भी तय किया गया है, जिन्होंने जनसंहार के अपराध की रोकथाम करने और उसके दोषियों को दंडित करने के लिए इस पर मुहर लगाई है या फिर सहमति प्रदान की है.

संयुक्त राष्ट्र के 41 सदस्य देशों का अभी इस सन्धि में शामिल होना बाक़ी है, जिनमें 18 अफ़्रीका में, 17 एशिया में और छह अमेरिकी क्षेत्र में हैं. 

1994 में गोमा के न्दोशा शरणार्थी शिविर में रवांडा के बच्चे एक कीचड़ भरे खेत में आराम कर रहे हैं।
UN Photo/John Isaac 25 जुलाई 1994 को गोमा के नदोशा शिविर में रवांडा के वो बच्चे, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया था.

“जनसंहार” से क्या तात्पर्य है?

इस कन्वेंशन के अनुच्छेद III के अनुसार, जनसंहार से तात्पर्य निम्नलिखित कृत्यों को किसी एक राष्ट्रीय, जातीय, नस्लीय या धार्मिक समूह को पूर्ण या आंशिक रूप से नष्ट करने की मंशा से अंजाम देने से है:

(a) किसी समूह के सदस्यों को जान से मारना

(b) किसी समूह के सदस्यों को गम्भीर रूप से शारीरिक या मानसिक हानि पहुँचाना

(c) जानबूझकर किसी समूह के, पूर्ण या आंशिक, भौतिक विध्वंस को अंजाम देने की मंशा के साथ उसे वैसी परिस्थितियों में रहने के लिए मजबूर करना 

(d) समूह के भीतर बच्चों के जन्म को रोकने के लिए क़दम थोपना

(e) बच्चों को जबरन एक समूह से दूसरे समूह में हस्तांतरित करना

क्राविका गोदाम में स्थित साक्ष्य वस्तुएं, जिनमें गोले के खोल, मिट्टी के बर्तनों के टुकड़े और अन्य अंश शामिल हैं, आईसीटीवाई स्ब्रेबेनिका मामलों में उपयोग के लिए प्रदर्शित की गई हैं।
ICTY/Isabella Tan Hui Huang पूर्व यूगोस्लाविया के एक गोदाम में जहां पुरुषों और लड़कों को रखा गया था, वहां से बरामद की गई वस्तुओं को आईसीटीवाई में परीक्षणों में सबूत के रूप में इस्तेमाल किया गया था.

कौन से कृत्यों को अंजाम देने के लिए दंडित किया जा सकता है?

कन्वेंशन के अनुच्छेद III के तहत, निम्नलिखित कृत्य दंडनीय हैं:

(a) जनसंहार

(b) जनसंहार को अंजाम देने का षड़यंत्र

(c) जनसंहार के लिए प्रत्यक्ष व सार्वजनिक रूप से उकसावा

(d) जनसंहार को अंजाम दिए जाने की कोशिश

(e) जनसंहार में भागेदारी

क्या जनसंहार के लिए अभियोजन (prosecution) से किसी को छूट है?

नहीं.

जनसंहार के आरोप से किसी को छूट नहीं है. 

कन्वेंशन के तहत, जनसंहार या अनुच्छेद III में उल्लिखित किसी अन्य कृत्य को अंजाम देने वालों को दंडित किया जाएगा. भले ही वे संविधान के दायरे में काम करने वाले शासक, सार्वजनिक अधिकारी या व्यक्ति हों.

हेग स्थित अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय का आंतरिक भाग, जिसमें सार्वजनिक सुनवाई के दौरान न्यायाधीश बेंच पर और प्रतिनिधि मेजों पर बैठे हुए हैं।
ICJ-CIJ/ Frank van Beek द हेग स्थित अन्तरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) में, दक्षिण अफ़्रीका द्वारा ग़ाज़ा में इसराइल द्वारा जनसंहार किए जाने के आरोपों पर मुक़दमे की सुनवाई.

अदालती कार्रवाई कहाँ होती है?

ऐसे कृत्यों को अंजाम देने के आरोपों का सामना करने वाले व्यक्तियों पर, उस देश की सक्षम अदालत में मुक़दमा चलाया जाता है, जिसके अधिकार क्षेत्र में ये अपराध किए गए हों. 

आरोपितों पर अन्तरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (International Criminal Court) में भी मुक़दमा चलाया जा सकता है, बशर्ते के यह सम्बन्धित देश में उसके न्यायिक अधिकार क्षेत्र के तहत हो. 

इनमें अन्तरराष्ट्रीय न्यायालय (International Court of Justice) भी है.

अन्तरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) की क्या भूमिका है?

ICJ, देशों के बीच विवादों का निपटारा किया जाता है. इसराइल के विरुद्ध दक्षिण अफ़्रीका के मुक़दमे में, जनसंहार कन्वेंशन का उल्लंघन करने के सम्बन्ध में आरोप लगाए गए हैं.

जनसंहार या कन्वेंशन के अनुच्छेद III में उल्लिखित किसी अन्य कृत्य के लिए किसी देश की ज़िम्मेदारी से जुड़े मामले में कोर्ट में किसी भी मुक़दमे को दायर किया जा सकता है. 

आईसीजे पर अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक कीजिए. 

गाजा पट्टी के राफा में बच्चे लकड़ी की बाड़ के पीछे खड़े होकर भोजन वितरण के लिए धातु के डिब्बे पकड़े हुए इंतजार कर रहे हैं।
© UNDP PAPP/Abed Zagout ग़ाज़ा में भीषण बमबारी के बीच छोटे बच्चे भोजन मिलने का इन्तज़ार कर रहे हैं.

जनसंहार के पीड़ितों के सम्मान में अन्तरराष्ट्रीय दिवस

हर वर्ष 9 दिसम्बर को, जनसंहार रोकथाम व रक्षा के दायित्व के लिए कार्यालय द्वारा कन्वेंशन को पारित किए जाने की स्मृति में अन्तरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है.

मानवाधिकारों की सार्वभौम घोषणा से ठीक एक दिन पहले यह दिवस, एक अहम वैश्विक प्रतिबद्धता का परिचायक है.

इसे, जनसंहार अपराध की रोकथाम और इस अपराध के पीड़ितों की गरिमा व उनके स्मरण के अन्तरराष्ट्रीय दिवस के रूप में जाना जाता है.   

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने जनसंहार कन्वेंशन और उसके शाश्वत सन्देश की अहमियत को रेखांकित करते हुए कहा है कि इसमें निहित शक्ति को सजीव बनाए रखना होगा.

उनके अनुसार यह एक ऐसी शक्ति होनी चाहिए, जोकि हमें इस सन्धि से उभरे गम्भीर वादे को पूर्ण करने के लिए प्रोत्साहित करे. साथ ही, दोषियों की जवाबदेही तय की जानी होगी.