वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

रूस के बेलगोरोड शहर पर हमलों की निन्दा, सुरक्षा परिषद की आपात बैठक

रूस के बेलगोरोड का हवाई दृश्य, जिसमें घनी आबादी वाला शहरी परिदृश्य, ऊंची इमारतें, एक केंद्रीय परिवहन केंद्र और बादलों से घिरे आसमान के नीचे एक निर्माण स्थल दिखाई दे रहा है।
Unsplash/Petr Magera बेलगोरोड, रूस और यूक्रेन की सीमा पर स्थित है.

रूस के बेलगोरोड शहर पर हमलों की निन्दा, सुरक्षा परिषद की आपात बैठक

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र में राजनैतिक और शान्तिनिर्माण मामलों के वरिष्ठ अधिकारी ने यूक्रेनी सीमा के नज़दीक स्थित रूसी महासंघ के बेलगोरोड शहर में हुए मिसाइल व रॉकेट हमलों की निन्दा की है. रूसी प्रशासन के अनुसार, यूक्रेन द्वारा किए गए इन हमलों में कम से कम 18 लोग मारे गए हैं और 100 से अधिक घायल हुए हैं. 

यूक्रेन की सीमा से 30 किलोमीटर दूर स्थित बेलगोरोड में हुए इन हमलों के बाद शनिवार दोपहर को सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई गई, जिसे राजनैतिक व शान्तिनिर्माण मामलों के लिए सहायक महासचिव ख़ालेद ख़ियारी ने सम्बोधित किया.

इस बैठक से पहले शुक्रवार को यूक्रेन के अनेक शहरों पर रूस द्वारा किए गए हमलों के बाद सुरक्षा परिषद की बैठक हुई थी. 

Tweet URL

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश, यूक्रेन में मानवीय सहायता समन्वयक डेनिज़ ब्राउन और यूएन मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने यूक्रेनी शहरों पर हमलों की कठोर निन्दा की है.

सहायक महासचिव ख़ियारी ने सदस्य देशों के प्रतिनिधियों को बताया कि बेलगोरोड शहर के केन्द्रीय इलाक़े में हुए हमलों में नागरिक प्रतिष्ठानों को नुक़सान पहुँचने के समाचार मिले हैं, जिनमें क्षेत्रीय सरकार कार्यालय और स्टेट यूनिवर्सिटी का मेडिकल कॉलेज भी हैं.  

उन्होंने बताया कि शनिवार को हुए ये हमले, फ़रवरी 2022 में यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद से अब तक, सीमा पार से रूस पर हुए सबसे घातक हमले हैं. 

रूसी सैन्य प्रशासन ने कुर्स्क, मॉस्को, ब्रियान्स्क और ओरयोल में भी यूक्रेनी ड्रोन हमले होने की बात कही है. वहीं, यूक्रेनी प्रशासन के अनुसार रूस ने अपने ड्रोन हमलों में ख़ेरसॉन क्षेत्र को निशाना बनाया है.

ख़ालेद ख़ियारी ने स्पष्ट किया कि संयुक्त राष्ट्र के लिए इन हमलों या इनमें हताहत होने वाले लोगों की संख्या की स्वतंत्र रूप से पुष्टि कर पाना सम्भव नहीं है. 

हमलों की निन्दा 

सहायक महासचिव ख़ियारी ने ज़ोर देकर कहा कि वह यूक्रेन में और रूसी महासंघ के सभी शहरों, नगरों व गाँवों में हुए हमलों की निन्दा करते हैं. 

“आम नागरिकों और नागरिक प्रतिष्ठानों पर हमले, अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून का हनन हैं, ये अस्वीकार्य हैं, और उन्हें तुरन्त रोका जाना होगा.” उन्होंने बताया कि शनिवार को भी यूक्रेन के कई इलाक़ों में हमलों की चेतावनी देने वाले हवाई सायरन सुनाई दे रहे हैं. 

इनमें ख़ारकीव, सूमी, मिकोलाइव, ख़ेरसॉन, पोलतावा, चेरकासी समेत अन्य शहर हैं. ख़ालेद ख़ियारी ने कहा कि कुछ ही घंटे पहले ख़ारकीव शहर पर हमले किए गए थे, जिनमें आम लोग घायल हुए और नागरिक प्रतिष्ठानों को क्षति पहुँची. 

उन्होंने दोहराया कि सिलसिलेवार हमलों की ये नई लहर आगाह करती है कि इस युद्ध के और गम्भीर रूप धारण करने और इसके प्रभाव अन्य इलाक़ों में फैलने की आशंका वास्तविक है. 

यूएन के वरिष्ठ अधिकारी ने सचेत किया कि युद्ध के जारी रहने से, हम यूक्रेन और रूस के नागरिकों को और अधिक संख्या में हताहत होते हुए देखेंगे. 

“आम नागरिकों की रक्षा को मुख्य प्राथमिकता बनाना होगा. लड़ाई व रक्तपात को रोका जाना होगा. इस युद्ध का अन्त होना चाहिए.”