क़ाबिज़ पश्चिमी तट में बढ़ती हिंसा, फ़लस्तीनी आबादी के ‘अमानवीयकरण’ के प्रति चेतावनी
यूएन मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) के अनुसार ग़ाज़ा में युद्ध की पृष्ठभूमि में क़ाबिज़ पश्चिमी तट में हालात बद से बदतर हो रहे हैं और हिंसा उस स्तर पर पहुँच रही है, जिसके पिछले कई वर्षों में नहीं देखा गया. मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने क्षोभ प्रकट किया कि शरणार्थी शिविरों में बुलडोज़र इस्तेमाल में लाए जा रहे हैं, हिरासत में बन्दियों को नग्न अवस्था में रखा व उन पर थूका जा रहा है, और किसानों से उनकी फ़सल छीनी गई है.
यूएन कार्यालय ने पश्चिमी तट में मौजूदा परिस्थितियों पर अपनी एक नई रिपोर्ट प्रकाशित की है, जिसके बाद उच्चायुक्त वोल्कर टर्क की ओर से यह वक्तव्य जारी किया गया है.
उन्होंने चिन्ता जताई कि क़ानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा सैन्य तौर-तरीक़ों और हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा है, आवाजाही पर पाबन्दी थोपे जाने से फ़लस्तीनी प्रभावित हुए हैं और इसराइली बस्तियों के बाशिन्दों द्वारा हिंसा को अंजाम देने की घटनाएँ बढ़ी हैं, जिससे चरवाहा समुदाय विस्थापित हुए हैं.
“बस्तियों के बाशिन्दों के अनेक कृत्यों से फ़लस्तीनियों का अमानवीयकरण होते हुए देखना बेहद परेशान कर देने वाला है और इसे तत्काल रोका जाना होगा.”
यूएन एजेंसी प्रमुख ने इसराइल से ऐसी घटनाओं की जाँच कराने, दोषियों पर मुक़दमा चलाने, और फ़लस्तीनी आबादी की जबरन बेदख़ली से रक्षा करने का आग्रह किया है.
सबसे घातक वर्ष
7 अक्टूबर को दक्षिणी इसराइल पर हमास के हमलो के बाद, इसराइल की ग़ाज़ा में जवाबी कार्रवाई में हज़ारों लोग मारे गए हैं.
वहीँ, क़ाबिज़ पश्चिमी तट में भी 79 बच्चों समेत 300 फ़लस्तीनियों की मौत होने की पुष्टि हुई है. इनमें अधिकाँश इसराइली सुरक्षा बलों के हाथों मारे गए हैं, जबकि बस्तियों के निवासियों द्वारा आठ फ़लस्तीनी मारे गए हैं.
7 अक्टूबर से पहले ही, इस वर्ष पश्चिमी तट में 200 से अधिक फ़लस्तीनी मारे जा चुके थे, जोकि रिकॉर्ड संख्या है.
मानवीय सहायता मामलों में संयोजन के लिए यूएन कार्यालय (OCHA) ने अपने नवीनतम अपडेट में ध्यान दिलाया है कि 2023, पश्चिमी तट में फ़लस्तीनियों के लिए 2005 के बाद अब तक का सबसे जानलेवा वर्ष साबित हुआ है.
बन्दियों के साथ बुरा बर्ताव
यूएन कार्यालय की रिपोर्ट बताती है कि 7 अक्टूबर के बाद से शरणार्थी शिविरों और अन्य घनी आबादी वाले इलाक़ों में बख़्तरबन्द गाड़ियों और बुलडोज़र को भेजे जाने और हवाई कार्रवाई की घटनाओं में वृद्धि हुई है.
इसराइली सुरक्षा बलों द्वारा चार हज़ार 700 से अधिक फ़लस्तीनियों को गिरफ़्तार किया गया है, जिनमें 40 पत्रकार भी हैं. बताया गया है कि अधिकाँश मामलों में गिरफ़्तारियों की आपराधिक वजह नहीं है.
हिरासत मे बन्दियों के साथ बुरा बर्ताव किए जाने, कपड़े उतरवाए जाने, आँखों पर पट्टी बाँधे जाने, लम्बे समय तक हथकड़ियाँ पहनाए जाने और पैरों को बाँधकर रखे जाने की रिपोर्टें हैं. उन पर थूका भी गया है.
रिपोर्ट में यौन व लिंग-आधारित हिरासत के मामलों पर भी जानकारी जुटाई गई है. कुछ वीडियों में दिखाया गया है कि एक बन्दी को जननांग पर चोट पहुँचाई गई, जबरन नग्न अवस्था में रखा गया और महिलाओं के विरुद्ध यौन टिप्पणियाँ की गईं, जबकि दो गर्भवती महिलाओं को हिरासत में बलात्कार की धमकी दी गई.
बस्तियों के बाशिन्दों द्वारा हिंसा
क़ाबिज़ पश्चिमी तट में फ़लस्तीनियों के विरुद्ध इसराइली बस्तियों के बाशिन्दों द्वारा हिंसा की घटनाएँ बढ़ी हैं. 7 अक्टूबर से 20 नवम्बर के दौरान, 254 हमले यानि प्रति दिन छह घटनाएँ दर्ज की गईं, जबकि साल की शुरुआत में यह प्रतिदिन छह घटनाएँ थीं.
इन घटनाओं में गोलियाँ चलाया जाना, घरों व वाहनों को जलाया जाना और पेड़ों को उखाड़े जाने समेत अन्य मामले हैं. रिपोर्ट के अनुसार, अनेक घटनाओं में इसराइली सुरक्षा बलों ने बस्तियों के निवासियों का साथ दिया या वे फिर स्वयं सैन्य वर्दी पहने हुए थे.
बताया गया है कि हथियारबन्द निवासियों द्वारा फ़लस्तीनी किसानों को उनकी जैतून की पैदावार से वंचित कर दिया गया, अपनी ज़मीन छोड़कर जाने के लिए मजबूर किया गया और जैतून के वृक्षों को क्षति पहुँचा गई, जिससे स्थानीय किसानों की आय का अहम स्रोत प्रभावित हुआ है.
यूएन कार्यालय ने बताया है कि 7 अक्टूबर के बाद से, इसराइली सुरक्षा बलों द्वारा बस्तियों में आत्मरक्षा समूहों को आठ हज़ार बन्दूकें वितरित की गई हैं, ताकि इसराइली सैन्य बलों की ग़ाज़ा में तैनाती के बाद पश्चिमी तट में बस्तियों की रक्षा की जा सके.
वोल्कर टर्क ने पश्चिमी तट में बस्तियों के निवासियों और इसराइली सुरक्षा बलों द्वारा अंजाम दी जाने वाली हिंसा की जवाबदेही तय ना हो पाने की भर्त्सना की है और इसराइल से उनके कार्यालय को देश में कामकाज की अनुमति देने का आग्रह किया है.
उन्होंने कहा है कि उनकी टीम 7 अक्टूबर को हुए हमलों पर भी ऐसी रिपोर्ट के लिए तैयार है.