वैश्विक कृषि खाद्य प्रणालियाँ हैं जलवायु समाधान, FAO
संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) ने शुक्रवार को एक नई रिपोर्ट जारी की है जिससे मालूम होता है कि कृषि खाद्य प्रणालियाँ और उनका समर्थन करने वाले और उन पर निर्भर रहने वाले समुदाय, जलवायु परिवर्तन से जुड़े नुक़सान और क्षति की अग्रिम पंक्ति में हैं.
वर्तमान जलवायु संकट, पर्याप्त भोजन पैदा करने की, विश्व क्षमता को प्रभावित कर रहा है. पानी, मिट्टी, जैव विविधता पर इसके कई प्रभावों के साथ-साथ, चरम मौसम की घटनाओं की आवृत्ति के कारण खाद्य असुरक्षा बढ़ रही है.
रिपोर्ट के अनुसार, ये प्रभाव फ़सल की पैदावार, पशुधन उत्पादकता और खाद्य उत्पादक के रूप में मत्स्य पालन और जलीय कृषि की क्षमता को कम करते हैं.
एफ़एओ के महानिदेशक क्यू डोंग्यू ने, इन निष्कर्षों के मद्देनज़र रेखांकित किया कि देशों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दुबई में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन – कॉप28 के पहले दिन गुरूवार को, 'ऐतिहासिक' रूप से निर्धारित ‘हानि और क्षति निधि’, कृषि समुदायों तक पहुँचे, जो जलवायु संकट की अग्रिम पंक्ति पर जूझ रहे हैं.
क्यू डोंग्यू ने, शुक्रवार को दुबई में जलवायु सम्मेलन स्थल - ऐक्सपो सिटी में आयोजित COP28 के प्रथम नेतागण कार्यक्रम ये बात कही है, जो विशेष रूप से भोजन और कृषि पर केन्द्रित था.
अधिक समर्थन की आवश्यकता
रिपोर्ट में कहा गया है कि आजीविका और सतत विकास के लिए इसके महत्व को देखते हुए, कृषि खाद्य प्रणाली में नुक़सान और क्षति पर ध्यान देना महत्वपूर्ण है.
हालाँकि, वैश्विक जलवायु वित्त प्रवाह में वृद्धि के बावजूद, कृषि खाद्य प्रणालियों के लिए समर्थन अन्य क्षेत्रों से पीछे है, जो 2021 में जलवायु-सम्बन्धित विकास वित्त के 20 प्रतिशत हिस्से से भी कम है.
महानिदेशक ने ध्यान दिलाया कि देशों को लचीलापन, अनुकूलन, शमन और खाद्य सुरक्षा हासिल करने में मदद करने के समाधान पहले से ही मौजूद हैं.
उन्होंने कहा, “लेकिन हमें निवेश अन्तर को कम करने के लिए सक्षम नीतियों की आवश्यकता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जलवायु वित्त बढ़ाया जाए और उन लोगों तक पहुँचे जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है, विशेष रूप से छोटे किसानों तक.”
उन्होंने रेखांकित किया, “हमें कम संसाधनों के सहारे, अधिक उत्पादन करना होगा. खाद्य उपलब्धता, पहुँच और सामर्थ्य में प्रभावी ढंग से योगदान करने और सभी सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए, कृषि खाद्य प्रणालियों को अधिक कुशल, अधिक समावेशी, अधिक लचीला व अधिक टिकाऊ बनाया जाना चाहिए.”
एक नई घोषणा
क्यू डोंग्यू ने, 134 देशों द्वारा समर्थित सतत कृषि, लचीली खाद्य प्रणालियों और जलवायु कार्रवाई पर जारी किए गए अमीरात घोषणा-पत्र के लिए, एफ़एओ का समर्थन भी व्यक्त किया.
विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन कार्यक्रम के दौरान आधिकारिक तौर पर जारी किए गए अमीरात घोषणा-पत्र, जलवायु परिवर्तन पर ध्यान देने में, कृषि और खाद्य प्रणालियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर ज़ोर देता है.
उन्होंने शिखर सम्मेलन में एकत्र देशों व सरकार प्रमुखों से कहा, "नया एफ़एओ 1.5 डिग्री सैल्सियस रोडमैप और अमीरात घोषणा-पत्र, जलवायु कार्रवाई को बढ़ावा देने और सभी सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे."
उक्त रोडमैप बाद में, COP28 में प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रों द्वारा जलवायु सहनशीलता बनाने, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन पर अंकुश लगाने और खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देने में योगदान को शामिल किया गया है.