इसराइल-फ़लस्तीन संकट: मानवीय सहायता एजेंसियों द्वारा 'पहुँच मार्गों की गुहार'
संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता एजेंसियों ने, मंगलवार को, ग़ाज़ा में सहायता पहुँच उपलब्ध कराए जाने की, भावपूर्ण अपील की है. इन एजेंसियों ने, 7 अक्टूबर को हमास के चरमपंथियों द्वारा इसराइल में 1,400 लोगों की हत्या किए जाने और 240 से अधिक लोगों को बन्धक बनाए जाने, व उसके बाद फ़लस्तीनी क्षेत्र ग़ाज़ा में, इसराइल के आक्रमण जारी रहने के परिणामस्वरूप, हज़ारों आम लोगों की मौतें होने के मद्देनज़र, ये अपील की है.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने न्यूयॉर्क में मंगलवार को जारी एक वक्तव्य में, हमास द्वारा इसराइल में 7 अक्टूबर को किए गए आतंकी कृत्यों की पूर्ण निन्दा दोहराई और कहा कि हमास के कृत्यों को किसी भी आधार पर न्यायसंगत नहीं ठहराया जा सकता.
संवाददाताओं को जारी किए गए इस वक्तव्य में, यूएन प्रमुख ने कहा कि वो आम लोगों के मारे जाने और घायल होने और अन्य लोगों को बन्धक बनाए जाने की भयावह तस्वीरें कभी भी नहीं भूलेंगे. उन्होंने बन्धकों की तत्काल रिहाई की पुकार दोहराई.
यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने नियमित प्रैस वार्ता में कहा, "महासचिव, ग़ाज़ा में आम लोगों की मौतों और मानवीय
त्रासदी पर अत्यन्त दुखी हैं जो ग़ाज़ा में लगातार जारी है, और जिसका अकल्पनीय असर आम लोगों पर हो रहा है."
प्रवक्ता ने, तत्काल मानवीय युद्धविराम लागू किए जाने की, यूएन प्रमुख की पुकार भी दोहराई.
हर दिन 160 बच्चों की मौत
यूएन स्वास्थ्य एजेंसी - WHO के प्रवक्ता क्रिश्चियन लिंडमायर ने, ग़ाज़ा में एक सहयोगी का हवाला देते हुए कहा है, "हर दिन आप सोचते हैं कि ये बहुत बदतर दिन रहा है और उससे अगला दिन, उससे भी बदतर होता है. सहायता पहुँच, सहायता पहुँच, सहायता पहुँच बहुत आवश्यक है."
ग़ौरतलब है कि ग़ाज़ा लगभग पूरी तरह से नाकेबन्दी का शिकार है.
प्रवक्ता क्रिश्चियन लिंडमायर ने जिनीवा में पत्रकारों से कहा कि मौतों और तकलीफ़ों के स्तर का अन्दाज़ा लगाना बेहद कठिन है. ग़ाज़ा में, हर दिन औसतन 160 बच्चों की मौत हो रही है और ग़ाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस फ़लस्तीनी क्षेत्र में कुल मृतक संख्या 10 हज़ार से ऊपर हो गई है.
इस बीच, हमास के प्रशासन वाले ग़ाज़ा क्षेत्र में, इसराइली बमबारी और भी सघन हुई है और ज़मीनी सैन्य अभियान भी जारी हैं, जिन्हें 7 अक्टूबर के हमलों से सम्बन्धित लड़ाकों के विरुद्ध बताया जा रहा है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रवक्ता क्रिश्चियन लिंडमायर ने कहा कि इसराइल में, लोग भयभीत हैं, सदमे में हैं और अपने प्रियजन के बारे में चिन्तित हैं. प्रवक्ता ने, हमास से बन्धकों को रिहा किए जाने की व्यापक पुकारें भी दोहराईं.
प्रवक्ता ने ज़ोर देकर कहा कि बन्धक बनाकर रखे गए लोगों को तत्काल चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता है.
राजनयिक प्रयास
प्रवक्ता क्रिश्चियन लिंडमायर ने पूर्व यूएन अपीलें दोहराते हुए ज़ोर दिया कि इस समय "नागरिक आबादी और ग़ाज़ा में बन्धक बनाकर रखे गए लोगों की तकलीफ़ें कम करने के लिए, मानवीय सहायता ठहराव (Humanitarian Pause) को सम्भव बनाए जाने के लिए, राजनैतिक इच्छाशक्ति की" तत्काल ज़रूरत है.
इस लक्ष्य की प्राप्ति की ख़ातिर, कूटनैतिक प्रयास जारी हैं. संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर टर्क ने, मंगलवार को, पाँच दिन की क्षेत्रीय यात्रा मिस्र से शुरू की है, जिस दौरान वह, सरकारी अधिकारियों, सिविल सोसायटी, प्रभावितों और यूएन सहयोगियों से मुलाक़ात करेंगे.
वोल्कर टर्क ने ज़ोर दिया है कि "इस संकट की जड़ में, मानवाधिकार हनन हैं और तकलीफ़ों के इस भंवर से बाहर निकलने का रास्ता तलाश करने में, मानवाधिकारों की प्रमुख भूमिका है."
वोल्कर टर्क, जॉर्डन की राजधानी अम्मान की यात्रा करने से पहले, मिस्र-ग़ाज़ा के बीच रफ़ाह चौकी का भी दौरा करेंगे.
इस बीच, यूएन मानवीय सहायता समन्वय एजेंसी - OCHA के प्रवक्ता जेन्स लाएर्के ने जिनीव में पुष्टि की है कि फ्रांस सरकार द्वारा ग़ाज़ा के नागरिकों के लिए सहायता पर, पेरिस में गुरूवार को आयोजित किए जा रहे अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन में, संयुक्त राष्ट्र को भी आमंत्रित किया गया है.
'अमानवीय रहन-सहन हालात'
इस बीच, फ़लस्तीनी शरणार्थियों के लिए यूएन सहायता एजेंसी - UNRWA मंगलवार को कहा है कि पिछले एक महीने के दौरान, ग़ाज़ा के हर तीन में से एक निवासी को विस्थापित होना पड़ा है.
एजेंसी ने कहा है, "ये हालात, लगातार भय और लगभग 15 लाख लोगों के लिए, अमानवीय रहन-सहन हालात के बीच उत्पन्न हुए हैं."
एजेंसी के अनुसार, लोगों को भोजन व पानी हासिल करने में हर दिन संघर्ष करना पड़ रहा है और साथ ही, सम्पर्क साधनों में नियमित अवरोध के कारण, लोगों का सम्पर्क अपने प्रियजन और बाक़ी दुनिया से कट रहा है.
पूरे ग़ाज़ा क्षेत्र में लगभग सात लाख, 17 हज़ार लोगों ने, UNRWA के ठिकानों पर शरण ली हुई है, जिनमें ग़ाज़ा के उत्तरी इलाक़े भी शामिल हैं. ग़ौरतलब है कि ग़ाज़ा का उत्तरी क्षेत्र, इसराइली सैन्य अभियानों के कारण, बाक़ी हिस्सों से अलग-थलग पड़ गया है.