ग़ाज़ा: 'बर्बर विध्वंस' को रोकने के लिए मानवतावादी युद्धविराम लागू किया जाना ज़रूरी
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने सोमवार को आगाह किया है कि ग़ाज़ा में गहन रूप धारण कर रहा हिंसक टकराव, दुनिया को हिला रहा है, क्षेत्र में उथलपुथल मचने की वजह बन रहा है, जिससे बड़ी संख्या में मासूम ज़िन्दगियाँ बर्बाद हो रही हैं. यूएन प्रमुख ने ज़ोर देकर कहा कि इस बर्बर, भयावह विध्वंस से बाहर निकलने के लिए तत्काल क़दम उठाए जाने की ज़रूरत है. इस बीच, यूएन और साझेदार संगठनों ने क़ाबिज़ फ़लस्तीनी इलाक़े में क़रीब 27 लाख लोगों तक मानवीय सहायता पहुँचाने के लिए 1.2 अरब डॉलर की अपील जारी की है.
उन्होंने सोमवार को न्यूयॉर्क में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि ग़ाज़ा में दुस्वप्न, एक मानव कल्याण संकट से कहीं बढ़कर है.
“यह मानवता का संकट है. गहन होता जा रहा है यह संकट, दुनिया को हिला रहा है, क्षेत्र में कोलाहल मचा रहा है, और सबसे त्रासदीपूर्ण, इतनी सारी ज़िन्दगियों को बर्बाद कर रहा है.”
यूएन प्रमुख ने कहा कि इसराइली सुरक्ष बलों के ज़मीनी अभियान और निरन्तर बमबारी, आम लोगों, अस्पतालों, शरणार्थी शिविरों, मस्जिदों, चर्चों, और यूएन सुविधा केन्द्रों को लपेटे में ले रहे हैं. “कोई भी सुरक्षित नहीं है.”
वहीं, हमास और अन्य चरमपंथी आम नागरिकों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं और इसराइल पर ताबड़तोड़ रॉकेट हमले जारी हैं.
यूएन प्रमुख ने हमास द्वारा 7 अक्टूबर को इसराइल में किए गए ‘घृणित आतंकी कृत्यों’ की निन्दा दोहराई और ग़ाज़ा में रखे गए सभी बंधकों की तत्काल, बिना किसी शर्त के सुरक्षित रिहाई की मांग की.
“आम नागरिकों को जानबूझकर यातना देने, जान से मारने, घायल करने या अगवा करने को किसी भी तरह से न्यायसंगत नहीं ठहराया जा सकता है. आम नागरिकों की रक्षा, सर्वोपरि है.”
महासचिव गुटेरेश ने ज़ोर देकर कहा कि हिंसक टकराव में शामिल कोई भी पक्ष, अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून से ऊपर नहीं है.
बच्चों की क़ब्रगाह
यूएन के शीर्षतम अधिकारी ने क्षोभ व्यक्त किया कि ग़ाज़ा, बच्चों के लिए एक क़ब्रगाह बनता जा रहा है. सैकड़ों लड़के-लड़कियों की हर दिन मौत हो रही है या वे घायल हो रहे हैं.
उन्होंने बढ़ती हिंसा और टकराव के अन्य इलाक़ों में फैल जाने की आशंका पर गहरी चिन्ता जताई. “पूर्वी येरूशेलम समेत क़ाबिज़ पश्चिमी तट, उबल रहा है,” और इस लड़ाई को वृहद क्षेत्र में फैले जाने से रोका जाना होगा.
महासचिव ने बताया कि हम लेबनान से लेकर सीरिया, इराक़ और यमन तक तनाव में वृद्धि होते देख रहे हैं, जिसकी रोकथाम के लिए ठंडे दिमाग़ और कूटनैतिक प्रयासों का उपयोग करना होगा.
उन्होंने आगाह किया कि नफ़रत भरी बयानबाज़ियों और भड़काऊ कृत्यों को रोकना होगा. “मैं यहूदी लोगों के विरुद्ध नफ़रत, और मुस्लिम विरोधी कट्टरता में उछाल से बहुत परेशान हूँ.”
“यहूदी और मुस्लिम समुदाय, दुनिया के अनेक हिस्सों में चौकन्ने हैं, और उन्हें अपनी निजी सुरक्षा व सलामती का डर है.”
सहायता अपील
संयुक्त राष्ट्र और साझेदार संगठनों ने ग़ाज़ा पट्टी की पूरी आबादी (22 लाख) और पूर्वी येरूशेलम समेत पश्चिमी तट में पाँच लाख लोगों तक मानवीय सहायता पहुँचाने के लिए 1.2 अरब डॉलर की मानवीय सहायता अपील जारी की है.
यूएन प्रमुख ने कहा कि मिस्र से रफ़ाह चौकी के ज़रिये कुछ जीवनरक्षक सहायता ग़ाज़ा में पहुँची है, मगर विशाल ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए यह पर्याप्त नहीं है.
उन्होंने बताया कि पिछले दो सप्ताह में, केवल 400 से कुछ ज़्यादा ट्रक ग़ाज़ा पहुँचे हैं, जबकि लड़ाई से पहले यह संख्या प्रतिदिन 500 थी.” ग़ाज़ा पहुँचने वाली आपूर्ति में आपूर्ति शामिल नहीं है.
एंतोनियो गुटेरेश ने ध्यान दिलाया कि ईंधन के बिना, इनक्यूबेटर में नवजात शिशु और जीवन रक्षक प्रणाली पर मरीज़ों की मौत होने की आशंका है, जल शोधन और साफ़-सफ़ाई व्यवस्था ठप होने का ख़तरा है, और राहत सामग्री लेकर आने वाले ट्रक भी खड़े रह जाएंगे.
साझा मानवता
महासचिव ने कहा कि उबलती भावनाओं, और बढ़ते तनावों के बावजूद, साझा मानवता को संजो कर रखने का रास्ता ढूंढा जाना होगा.
उन्होंने कहा कि पिछले चार सप्ताह की अवधि में जितने पत्रकारों के मारे जाने की ख़बर है, उतने पिछले तीन दशकों में किसी हिंसक टकराव के दौरान नहीं मारे गए. महासचिव के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में किसी अन्य अवधि की तुलना में कहीं ज़्यादा संख्या में यूएन कर्मचारियों की मौत हुई है.
उन्होंने तमाम चुनौतियों व जोखिमों के बावजूद, जीवनरक्षा के दायित्व का निर्वहन करने वाले यूएन कर्मचारियों की सराहना की.
साथ ही, आगाह किया कि जिस तरह से यह विनाशलीला घटित हो रही है, उसके मद्देनज़र, मानवतावादी युद्धविराम हर घंटे के साथ और महत्वपूर्ण होता जा रहा है.
मृतक UNRWA कर्मचारियों को श्रृद्धांजलि
यूएन महासचिव ने ग़ाज़ा में अपना सर्वस्व बलिदान कर देने वाले UNRWA के 89 कर्मचारियों के प्रति गहरी सम्वेदना व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों, स्कूल प्राध्यापकों, चिकित्सकों, इंजीनियर, सुरक्षा गार्ड समेत कई अन्य स्टाफ़, अपने परिजनों के साथ मारे गए.
इनमें माई नामक एक युवा महिला भी है, जिन्होंने muscular dystrophy नामक अपनी अवस्था या फिर व्हीलचेयर के बावजूद सपने सीमित नहीं किए.
वह एक शीर्ष छात्र बनीं, और फिर UNRWA में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में कार्यरत थीं.
महासचिव ने इस बर्बर, भयावह, पीड़ादायी विध्वंस से बाहर निकलने के लिए अन्तरराष्ट्रीय कार्रवाई की अपील की है और शान्ति के साथ-साथ इसराइलियों और फ़लस्तीनियों के लिए दो-राष्ट्र समाधान पर बल दिया है.