UNGA78: तुर्कीये के नेता ने कहा, ‘शान्ति में कोई पराजित नहीं’, यूक्रेन युद्ध का अन्त करने का जताया संकल्प
तुर्कीये के राष्ट्रपति रैचप तैयप ऐरदोआन ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तरों पर अपने देश को एक सक्रिय साझेदार के रूप में पेश करते हुए अन्तरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार की पुकार लगाई है.उन्होंने ध्यान दिलाया कि युद्ध में कोई विजयी नहीं होता और शान्ति में किसी की हार नहीं होती है.
राष्ट्रपति ऐरदोआन ने मंगलवार को यूएन महासभा में वार्षिक जनरल डिबेट के नाम अपने सम्बोधन में मानवीय संकटों, राजनैतिक टकरावों और सामाजिक तनावों का उल्लेख किया, जोकि विश्व के अनेक क्षेत्रों में चुनौतियाँ उत्पन्न कर रहे हैं.
उन्होंने इन मुद्दों से निपटने और वैश्विक आर्थिक समस्याओं पर पार पाने में पेश आने वाली कठिनाइयों का उल्लेख किया.
तुर्कीये के नेता ने सीरिया, उत्तर अफ़्रीका, सहेल समेत अन्य क्षेत्रों में आतंकवाद को एक औज़ार के रूप में इस्तेमाल में लाए जाने पर गहरी चिन्ता जताई, जिससे उनके अनुसार अन्तरराष्ट्रीय सुरक्षा कमज़ोर हो रही है.
राष्ट्रपति ऐरदोआन ने विदेशियों के प्रति नापसन्दगी व भय, नस्लवाद और इस्लामोफ़ोबिया के बढ़ते ख़तरे का उल्लेख किया, और सामाजिक समरसता के लिए इन चुनौतियों से निपटने का आग्रह किया.
सांत्वना का स्रोत
तुर्कीये के नेता ने देश में भीषण भूकम्प के बाद मानवीय सहायता प्रयासों के लिए अन्तरराष्ट्रीय समुदाय का आभार प्रकट किया.
फ़रवरी 2023 में आए इस भूकम्प में 50 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हुई थी और बड़े पैमाने पर तबाही हुई है.
राष्ट्रपति ऐरदोआन ने कहा कि उनके देश को उस स्याह दिन में जिस तरह की मित्रता दिखाई गई, वह सांत्वना का एक महत्वपूर्ण स्रोत था.
इसी भावना के अनुरूप, तुर्कीये ने लीबिया में बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में राहत प्रयासों के लिए मदद प्रदान की है, जहाँ 12 हज़ार से अधिक लोगों की जान जा चुकी है.
युद्ध में किसी की विजय नहीं
राष्ट्रपति ऐरदोआन ने अपने देश को एक सक्रिय अन्तरराष्ट्रीय पक्ष के रूप में पेश किया, और चीन से लेकर दक्षिण एशिया, अफ़्रीका व लातिन अमेरिका में स्थित देशों के साथ अपने सम्पर्कों को रेखांकित किया.
उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक, तुर्कीये की कोशिश दोनों मित्रों को बातचीत की मेज़ पर लाने की रही है, इस समझ के साथ कि युद्ध में किसी की विजय नहीं होती और शान्ति में कोई पराजित नहीं होता.
उन्होंने कूटनीति व सम्वाद के ज़रिये, यूक्रेन की स्वाधीनता व क्षेत्रीय अखंडता पर आधारित समाधानों के ज़रिये युद्ध का अन्त करने के लिए प्रयासों की बात कही.
राष्ट्रपति ऐरदोआन ने कहा कि काला सागर अनाज निर्यात पहल का फ़िलहाल संचालन नहीं हो पा रहा है, जिसके मद्देनज़र एक नई योजना की आवश्यकता होगी.
सुधार की आवश्यकता
तुर्कीये के नेता ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि दूसरे विश्व युद्ध के दौरान स्थापित की गई संस्थाएँ, मौजूदा दौर की वास्तविकताओं को परिलक्षित नहीं करती हैं.
उन्होंने सुरक्षा परिषद के पाँच स्थाई सदस्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया पाँच से कहीं बड़ी है.
राष्ट्रपति ऐरदोआन के अनुसार, सुरक्षा परिषद अब विश्व सुरक्षा की गारंटी देने वाली संस्था होने के बजाय, केवल पाँच देशों की राजनैतिक रणनीतियों की रणभूमि बन गई है.
इस क्रम में, उन्होंने मौजूदा अन्तरराष्ट्रीय संस्थाओं का फिर से मूल्यांकन किए जाने का आग्रह किया, ताकि मौजूदा दौर की वास्तविकताओं को परिलक्षित किया जा सके.