सीरिया: आम लोगों की ख़ातिर, राजनैतिक प्रक्रिया की बहाली पर ज़ोर
सीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत गेयर पैडरसन ने सुरक्षा परिषद में कहा है कि देश में युद्ध से बाहर निकलने के लिए, राजनैतिक प्रक्रिया ही एक मात्र रास्ता है, जिससे देश को प्रभावित कर रहे अनेक संकटों पर ध्यान देने में भी मदद मिल सकती है.
विशेष दूत ने, गुरूवार को वीडियो के ज़रिए सुरक्षा परिषद को सम्बोधित करते हुए कहा, “यह बहुत ही व्यथित करने वाली बात है कि सीरिया के भीतर राजनैतिक प्रक्रिया, लगभग एक वर्ष से बिल्कुल ठप पड़ी है. एक राजनैतिक प्रक्रिया, सीरिया के लोगों का अधिकार है, क्योंकि वो अपना भाग्य निर्धारित करने के हक़दार हैं.”
गेयर पैडरसन ने कहा कि सीरियाई लोग, 12वें वर्ष में चल रहे इस टकराव से, देश के भीतर और बाहर, दोनों ही स्थानों पर, बुरी तरह प्रभावित हैं. “और एक राजनैतिक प्रक्रिया की अनुपस्थिति, उनके बेहतर रहन-सहन में बहुत बड़ी बाधा है.”
ढहती अर्थव्यवस्था, बढ़ती क़ीमतें
गेयर पैडरसन ने, सीरिया की लगातार ढहती अर्थव्यवस्था को, इन भारी तकलीफ़ों का एक संकेतक बताया. सीरियाई मुद्रा-पाउंड - गत सप्ताह सबसे अधिक गिरावट के साथ, अमेरिकी डालर की तुलना में 15 हज़ार 500 पर पहुँच गया. जबकि वर्ष 2011 में एक अमेरिकी डॉलर की क़ीमत 47 सीरियाई पाउंड थी.
उन्होंने बताया कि खाद्य वस्तुओं, दवाओं, ईंधन और अन्य ज़रूरी चीज़ों की क़ीमतें, क़ाबू से बाहर होती जा रही हैं, और बहुत से परिवारों को, भरपेट भोजन का प्रबन्ध करने में भी संघर्ष करना पड़ रहा है.
इस बीच, सीरिया को, विस्थापन, बन्दीकरण, मानवाधिकार हनन और आतंकवाद जैसी चुनौतियों का भी लगातार सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा देश का अनाधिकारिक विभाजन भी एक बड़ी चुनौती है, जिसने देश की सम्प्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को कमज़ोर किया है.
विशेष दूत ने कहा कि सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव संख्या 2254 को लागू करना ही, उन अनेकानेक संकटों के हल निकालने का शुरुआत है, जिन्होंने सीरिया को जकड़ रखा है.
सहायता सुलभता का स्वागत
गेयर पैडरसन ने मानवीय सहायता सम्बन्धी घटनाक्रमों का ज़िक्र करते हुए, बाब-अल-हवा सीमा चौकी को, सीमा पार सहायता के लिए खोले जाने का स्वागत किया. इस सीमा-चौकी के ज़रिए, तुर्कीये से होकर, सीरिया के पश्चिमोत्तर हिस्से में सहायता पहुँचाने की अनुमति, छह महीने के लिए बढ़ाई गई है. ये इलाक़ा, विपक्ष के नियंत्रण वाला अन्तिम क्षेत्र बचा है.
विशेष दूत ने कहा कि ये बहुत ज़रूरी है कि संयुक्त राष्ट्र और उसके साझीदार, सीमा-पार से मानवीय सहायता उपलब्ध कराना जारी रखें.
गेयर पैडरसन ने, सीरिया में, मानवीय सहायता अभियानों को और अधिक समर्थन का भी आहवान किया. इस वर्ष सीरिया की सहायता के लिए की गई 5.4 अरब डॉलर की अपील का, केवल 25 प्रतिशत हिस्सा ही उपलब्ध हुआ है.
उन्होंने अपनी समापन टिप्पणी में, एक राजनैतिक प्रक्रिया की ज़रूरत को दोहराते हुए कहा कि, हर किसी को इस टकराव की भारी क़ीमत चुकानी पड़ रही है, और प्रभावितों में सबसे ज़्यादा सीरियाई लोग हैं.