पृथ्वी के संरक्षण में, युवजन के हरित-कौशल की अहम भूमिका
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने अन्तरराष्ट्रीय युवजन दिवस पर अपने सन्देश में कहा है कि एक पर्यावरणीय रूप से टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल मानसिकता की तरफ़ रुझान बढ़ाने में, हरित कौशलों के साथ, युवजन बहुत अहम भूमिका निभाने वाले हैं.
यूएन प्रमुख ने 12 अगस्त को मनाए जाने वाले इस दिवस के अवसर पर कहा कि नवाचारी टिकाऊ प्रोद्योगिकियों और अक्षय ऊर्जा से लेकर, परिवहन प्रणालियों और औद्योगिक गतिविधियों में क्रान्तियों तक, युवजन को कहीं अधिक स्वच्छ, हरित और अधिक जलवायु सहनशील भविष्य को आकार देने के लिए, कौशल और ज्ञान से सुसज्जित करना होगा.
यूएन प्रमुख ने अपने सन्देश में कहा है कि ऐसे में जब हम एक बेहतर दुनिया के लक्ष्य का पीछा कर रहे हैं तो, हर वर्ष, अन्तरराष्ट्रीय युवजन दिवस, युवजन के पक्के इरादे, विचारों और नेतृत्व का जश्न मनाता है.
एंतोनियो गुटेरेश ने कहा है कि वर्तमान की तमाम चुनौतियों को लेकर, आज के युवजन, एक साहसिक और त्वरित कार्रवाई की पुकार लगा रहे हैं.
“वो सर्वाधिक निर्बलजन के साथ एकजुटता से खड़े हैं और सामाजिक, आर्थिक और जलवायु न्याय और सभी की ख़ातिर शान्ति व समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए, समाधानों को आगार दे रहे हैं.”
उन्होंने कहा, “उनकी भागेदारी का विस्तार करने के लिए, मैंने हाल ही में एक नीति-पत्र जारी किया था, जिसमें देशों की सरकारों से आहवान किया गया था कि वो युवजन की भागेदारी को एक सामान्य चलन बनाएँ, नाकि वो कोई अपवाद हो और ऐसा दुनिया भर में तमाम निर्णयों और नीतियों में होना चाहिए.”
यूएन प्रमुख ने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय युवजन दिवस की इस वर्ष की थीम, हमें ये सुनिश्चि करने की महत्ता याद दिलाती है कि युवजन को, हरित अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए, उन्हें आवश्यक कौशल हासिल हों और वो उनका प्रयोग भी कर सकें.
“मानवता, हर जगह युवजन की सीमारहित ऊर्जा, विचारों और योगदान पर निर्भर है. आज और हर दिन, आइए, हम, सभी लोगों व पृथ्वी ग्रह के लिए, एक न्यायसंगत और टिकाऊ विश्व को आकार देने में, युवजन का समर्थन करें और उनके साथ एकजुटता दिखाएँ.”