WHO: सीरिया व तुर्कीये में सहायता स्तर बढ़ाने के लिए, 4.3 करोड़ डॉलर की अपील
संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी - विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक डॉक्टर टैड्रॉस ऐडहेनॉम घेबरेयेसस ने रविवार को घोषणा की है कि संगठन ने सीरिया और तुर्कीये में आए विनाशारी भूकम्प से प्रभावित लोगों की मदद करने के लिए, 4 करोड़ 30 लाख डॉलर की सहायता राशि जुटाने की अपील जारी की है.
उन्होंने रविवार को सीरिया की यात्रा के दौरान राजधानी दमिश्क में प्रैस वार्ता में कहा कि विनाश का दायरा और सघनता स्पष्ट होने के साथ-साथ, इस धनराशि में बढ़ोत्तरी होगी.
नवीनतम समाचारों के अनुसार इस भूकम्प में मारे गए लोगों की संख्या 33 हज़ार से भी ज़्यादा हो गई है, जबकि लाखों अन्य लोग बेघर हो गए हैं.
सहायता अभियानों में बढ़ोत्तरी
डॉक्टर टैड्रॉस ने बताया कि सीरियाई सरकार, सहायता सामग्री की आमद के लिए, और ज़्यादा सीमा चौकियाँ खोलने के लिए सहमत नज़र आती है जिसके ज़रिए देश के पश्चिमोत्तर हिस्से में भी मानवीय सहायता पहुँचाई जा सके.
युद्ध ग्रस्त सीरिया, अनेक क्षेत्रों में विभाजित है जिनमें अलग-अलग इलाक़ों पर सरकार, विपक्षी बलों और अन्य सशस्त्र गुटों का नियंत्रण है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन, सोमवार को आए इस भूकम्प से प्रभावित तमाम इलाक़ों में सहायता मुहैया कराने के लिए प्रयासरत है.
यूएन स्वास्थ्य एजेंसी देश के सभी इलाक़ों में अपने अभियानों का दायरा विस्तृत कर रही है, जिनमें पश्चिमोत्तर इलाक़े भी शामिल हैं जहाँ भूकम्प से बहुत ज़्यादा विनाश हुआ है.
हाल के घटनाक्रम का स्वागत
डॉक्टर टैड्रॉस ने, सहायता अभियानों को अगले स्तर पर ले जाने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया, जिनमें ज़रूरतमन्द तमाम आबादियों तक पहुँच बनाई जाए.
उन्होंने इस आपदा के माहौल में, संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा सीरिया पर प्रतिबन्धों में ढील दिए जाने के निर्णय का स्वागत किया.
डॉक्टर टैड्रॉस ने कहा, “हम सीरियाई अरब गणतंत्र सरकार द्वारा हाल ही में, सीमा पार से संयुक्त राष्ट्र के सहायता क़ाफ़िलों को दाख़िल होने और सीमा-पार से सहायता में बढ़ोत्तरी के लिए उपाय किए जाने को, व्यापक मंज़ूरी दिए जाने के निर्णय का स्वागत करते हैं. हम उम्मीद करते हैं कि ये उपाय जारी रहेंगे.”
यूएन स्वास्थ्य एजेंसी के प्रमुख ने बताया कि उन्होंने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद के सात, रविवार अपरान्ह मुलाक़ात की है, “जिन्होंने संकेत दिया कि वो इस आपदा की ख़ातिर, अतिरिक्त सीमा चौकियाँ खोलने पर विचार करने के लिए मुक्त रूप से सोच रहे हैं.”
सहायता के लिए तैयार
डॉक्टर टैड्रॉस ने कहा कि वो सीरिया के पश्चिमोत्तर इलाक़े में, संघर्ष पंक्तियों के आसपास भी सहायता सामग्री पहुँचने की प्रतीक्षा में हैं.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, “हम बिल्कुल तैयार हैं. हम किसी भी समय पश्चिमोत्तर क्षेत्र में तटवर्ती रेखा के साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं. हमें इस सरकार की व्यापक अनुमति की बदौलत, पहले ही इस तरफ़ से तो इजाज़त हासिल है. अब हम दूसरे पक्ष की तरफ़ से जानकारी मिलने का इन्तेज़ार कर रहे हैं. जैसे ही हमें वो मंज़ूरी मिलती है, हम पश्चिमोत्तर इलाक़े में पहुँच जाएंगे.”
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने, भूकम्प आने के तुरन्त बाद ही, पश्चिमोत्तर इलाक़े व अलेप्पो में पहले से मौजूद स्वास्थ्य सामग्री को तुरन्त मुहैया कराना शुरू कर दिया, जिससे मुख्य चोटों का इलाज सम्भव हो सका. संगठन के स्टाफ़ ने, स्वास्थ्य सेवाओं को भी सामग्रियाँ मुहैया करानी शुरू कर दी.
ज़रूरतों में मदद
डॉक्टर टैड्रॉस शनिवार को सीरिया पहुँचे, जहाँ WHO और उसके साझीदार संगठनों ने, देश के विभिन्न प्रभावित इलाक़ों में अब तक 110 टन चिकित्सा सामग्री वितरित की है.
यूएन स्वास्थ्य एजेंसी, अग्रिम मोर्चों पर विशेषीकृत चिकित्सा टीमों की क्षमता वृद्धि में भी सहायता कर रही है.