वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

कोविड-19 के संक्रमण के बढ़ते मामलों का नया केंद्र बना योरोप

कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए न्यूयॉर्क में एक व्यक्ति ने फ़ेस मास्क लगाया है.
UN Photo/Loey Felipe
कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए न्यूयॉर्क में एक व्यक्ति ने फ़ेस मास्क लगाया है.

कोविड-19 के संक्रमण के बढ़ते मामलों का नया केंद्र बना योरोप

स्वास्थ्य

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है कि ‘विश्वव्यापी महामारी’ कोविड-19 ने अब योरोप को अपनी चपेट मे ले लिया है जहां अब किसी अन्य क्षेत्र के देशों की तुलना में सबसे ज़्यादा मामलों की पुष्टि हो रही है. इस महामारी से निपटने के प्रयासों के तहत यूएन स्वास्थ्य एजेंसी ने अन्य साझीदार संगठनों के साथ मिलकर एकजुटता फ़ंड शुरू किया है जिसमें लोगों व संगठनों का योगदान देना संभव हो सकेगा.

विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टैड्रोस एडहेनॉम घेबरेयेसस ने शुक्रवार को जिनीवा में बताया कि 123 देशों व क्षेत्रों में कोविड-19 के संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर एक लाख 32 हज़ार हो गई है.

इस संक्रमण से दुनिया भर में अब तक पांच हज़ार लोग अपनी जान गवां चुके हैं.

Tweet URL

चीन में जब यह बीमारी चरम पर थी उन दिनों में सामने आए संक्रमणों की तुलना में योरोप में अब सामने आ रहे मामलों की संख्या कहीं ज़्यादा है.

योरोप में इटली इस बीमारी से सबसे ज़्यादा प्रभावित देश है लेकिन जर्मनी, फ़्रांस, ब्रिटेन सहित अन्य देशों में भी नए मामलों की लगातार पुष्टि हो रही है.

यूएन एजेंसी के प्रमुख ने चेतावनी भरे अंदाज़ में कहा कि अगर कोई देश दूसरे देशों में हालात को देखकर यह समझता है कि ऐसा उनके यहां नहीं होगा तो वह एक घातक भूल होगी. यह कहीं भी किसी को भी हो सकता है लेकिन आक्रामक क़दम उठाकर संक्रमण को रोका व ज़िंदगियाँ बचाया भी जा सकती हैं.

“चीन, कोरिया गणराज्य और सिंगापुर का अनुभव दर्शाता है कि तेज़ी से परीक्षण करने, संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने, सामाजिक जीवन में दूरी बरतने और सामुदायिक स्तर पर प्रयास करने से कोविड-19 संक्रमणों की रोकथाम हो सकती है और जानें बच सकती है.”

विश्व स्वास्थ्य संगठन की देशों, व्यवसायों और व्यक्तियों के लिए स्पष्ट सलाह है:

  • इंतज़ाम करें और तैयार रहें
  • परीक्षण करें, सुरक्षा करें और उपचार करें
  • संक्रमण का फैलाव कम करें

उन्होंने स्पष्ट किया कि सावधानी व सतर्कता बरतने से अगर संक्रमण को पूरी तरह नहीं भी रोका जा सके तो भी उसके फैलने की गति धीमी  की जा सकती है.

एकजुटता फ़ंड

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र फ़ाउंडेशन और स्विस फ़िलेन्थ्रोपी फ़ाउंडेशन के साथ मिलकर COVID-19 Solidarity Response Fund’ शुरू किया है.

यूएन की स्वास्थ्य एजेंसी के प्रमुख ने कहा कि कोविड-19 से निपटने के प्रयासों में अभी तक सरकारों पर निर्भरता थी लेकिन इस फंड से लोगों और संगठनों के लिए भी योगदान देना संभव हो सकेगा.

इस मुहिम के ज़रिए एकत्रित धनराशि का उपयोग स्वास्थ्यकर्मियों के लिए मास्क, दस्ताने, गाउन और सुरक्षा प्रदान करने वाले चश्मे ख़रीदने में किया जाएगा.

साथ ही संक्रमण का पता लगाने वाली परीक्षण किटें ख़रीदने, निगरानी क्षमता बढ़ाने और रीसर्च में निवेश करने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा.

इस मुहिम में अब तक गूगल, फ़ेसबुक सहित अनेक संगठन व लोग योगदान कर चुके हैं.

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अधिकांश कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं.
UN Photo/Loey Felipe
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अधिकांश कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं.

यूएन एजेंसी ने कहा है कि कई देशों ने कोविड-19 से निपटने के लिए उस रणनीति पर अमल करना शुरू कर दिया है जो आठ स्तंभों पर आधारित है.

बताया गया है कि कई देशों के पास अब एक राष्ट्रीय योजना है, वे बहुआयामी रणनीति के साथ आगे बढ़ रहे हैं और अधिकतर के पास लैब में परीक्षण की क्षमता है.  

“हम सभी देशों को इस वायरस के संक्रमण से निपटने की तैयारी करने में मदद कर रहे हैं. निजी सुरक्षा सामग्री 56 से ज़्यादा देशों में भेजी जा चुकी है और 28 देशों में भेजी जानी है.

साथ ही 15 लाख परीक्षण किटें 120 देशों में भेजी गई हैं.”

स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना

महानिदेशक घेबरेयेसस ने कहा कि विश्व भर में लोगों की निगाहें कोविड-19 से उत्पन्न हालात पर टिकी हैं लेकिन यह ध्यान रखना ज़रूरी है कि अब भी स्वास्थ्य से जुड़े तमाम अन्य विषय हैं जिन पर यूएन एजेंसी हर दिन काम कर रही है.

“बच्चे अब भी पैदा हो रहे हैं, ज़रूरी ऑपरेशन्स किए जा रहे हैं, यातायात दुर्घटनाओं में घायल लोगों को अब भी आपात सेवा की आवश्यकता है. कैंसर, डायबिटीज़, एचआईवी, मलेरिया और अनेक अन्य बीमारियों के लिए लोगों को अब भी उपचार की ज़रूरत है.”

स्वास्थ्य संगठन प्रमुख ने कहा कि ये सभी ज़िम्मेदारियाँ पूरा करने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की ज़रूरत है, “मैं दुनिया भर में हर स्वास्थ्यकर्मी का निजी तौर पर धन्यवाद अदा करना चाहता हूं.”   

“स्वास्थ्यकर्मी बेहतरीन काम कर रहे हैं. हम जानते हैं कि कोविड-19 संकट से आप और आपके परिवारों पर भार पड़ रहा है. हम जानते हैं कि आप उम्मीदों व क्षमताओं से कहीं ज़्यादा काम कर रहे हैं. हमारे मन में आपके लिए आभार, आदर और कटिबद्धता है और हम आपको सुरक्षित रखने व ज़िम्मेदारियों को पूरा करने में मदद करने का हरसंभव प्रयास करेंगे.”