नई दिल्ली में यूएन सूचना केन्द्र द्वारा 'जैवविविधता' विषय पर आयोजित, 'Show Us Your India' नामक इस प्रतियोगिता में भारत समेत दुनिया भर से 600 से अधिक प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं.
इस फ़ोटो में, दो तेन्दुए (Panthera pardus) महाराष्ट्र के एक टाइगर रिज़र्व में सड़क पार करते हुए नज़र आ रहे हैं.
महज़ 12 वर्ष की अनन्या विनोद द्वारा खींची गई यह तस्वीर दर्शाती है कि किस तरह इनसानों द्वारा बनाई गई सड़कें वन्यजीवों के प्राकृतिक रास्तों से होकर गुज़रती हैं.
यह वन्यजीवों के आवासों और उनके आने-जाने के रास्तों को सुरक्षित रखने की ज़रूरत भी उजागर करती है.
स्थान: ताडोबा अंधारी बाघ अभयारण्य, महाराष्ट्र.
जैवविविधता संरक्षण, संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य '14' (जल सतह के नीचे जीवन) और लक्ष्य '15' (धरती पर जीवन) का एक अहम हिस्सा है.
भारत में खारे-मीठे पानी (brackish water) की की दूसरी सबसे बड़ी झील, 'पुलिकट लेक' में ग्रेटर फ़्लैमिंगो (राजहंस) पक्षियों का एक झुंड पानी पर ख़ूबसूरत आकृतियाँ बनाता नज़र आ रहा है.
हर वर्ष, सर्दी के दौरान मध्य एशिया और साइबेरिया से हज़ारों प्रवासी राजहंस यहाँ पहुँचते हैं, जिससे यह झील पक्षियों के एक विशाल आश्रय स्थल में बदल जाती है.
इस फ़ोटो को अश्विन काशी विश्वनाथ ने अपने कैमरे में क़ैद किया.
स्थान: आन्ध्र प्रदेश और तमिलनाडु की सीमा पर पुलिकट झील.
यह तस्वीर, महाराष्ट्र के कर्नाला वन्यजीव अभयारण्य में एक रंग-बिरंगी ओरिएंटल ड्वार्फ़ किंगफ़िशर (Ceyx erithaca) चिड़िया अपनी चोंच में शिकार की गई एक छोटी छिपकली (skink) दबाए हुए है.
तेज़ गति और फुर्तीले शिकार के लिए पहचानी जाने वाली यह नन्ही चिड़िया, भारत के जंगलों में पाए जाने वाले विविधतापूर्ण वन्यजीवन की झलक पेश करती है.
यह तस्वीर विकास यादव ने खींची है.
स्थान: काल्हे गाँव, कर्नाला वन्यजीव अभयारण्य, महाराष्ट्र.
पश्चिम बंगाल के एक गाँव में किसान पानी में खड़े होकर जूट (पटसन) की कटी हुई फ़सल के गट्ठर बना रहे हैं.
फ़ोटोग्राफ़र राजेश धर द्वारा ली गई यह तस्वीर खेती की एक पारम्परिक पद्धति, किसानों की साझी मेहनत और प्रकृति से जुड़ी उनकी आजीविका की झलक पेश करती है.
स्थान: नीलगंज, पश्चिम बंगाल.
हर वर्ष फ़रवरी में, ओडिशा के रुशिकुल्या समुद्री तट पर लाखों ऑलिव रिडले समुद्री कछुए (Lepidochelys olivacea) अंडे देने के लिए एक साथ पहुँचते हैं. सामूहिक रूप से अंडे देने की यह घटना प्रकृति के सबसे अद्भुत नज़ारों में से एक है.
आमतौर पर ये कछुए रात के समय अंडे देते हैं, लेकिन फ़रवरी 2025 में फ़ोटोग्राफ़र अर्घ्य अधिकारी को दिन के उजाले में भी यह दुर्लभ दृश्य देखने का अवसर मिला.
उन्होंने बताया कि, "ऑलिव रिडले समुद्री कछुओं का सामूहिक रूप से अंडे देना आमतौर पर रात में ही होता है, लेकिन 2025 में ऐसा दिन के समय भी हुआ. मैं ख़ुशक़िस्मत था कि मुझे यह नज़ारा देखने को मिला."
स्थान: रुशिकुल्या तट, ओडिशा.