सेलबारी – सतमाला पर्वतमाला की विशिष्ट भौगोलिक बनावट - खड़ी चट्टानें, संकरे दर्रे और दुर्गम पहाड़ियाँ - प्राकृतिक क़िलेबन्दी का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करती हैं. इस कठिन भू-आकृति को मराठा सैन्य रणनीति ने ऐसी कुशलता से अपनाया कि यह क्षेत्र स्वयं एक अभेद्य रक्षा प्रणाली बन गया.
रायगढ़ क़िला - रायरी पहाड़ी की गोद में बसा यह क़िला मराठा सैन्य वास्तुकला की चतुरता का प्रतीक है. पहाड़ी की चट्टानों को काटकर बनाए गए गुप्त द्वार और छिपे हुए रास्तों को, दुश्मनों को भ्रमित करने के लिए बड़ी कुशलता से आकार दिया गया था. यह क़िला केवल एक रक्षा ढाँचा नहीं, बल्कि रणनीति और संरचना का अद्वितीय संगम है.
राजगढ़ क़िला - इतिहास और स्थापत्य जहाँ एक-दूसरे में रचे-बसे हों, वहीं बसता है राजगढ़ का सुवेला माची क्षेत्र. दोहरी दीवारों से घिरा यह भाग, मराठा साम्राज्य की अद्वितीय सैन्य दूरदर्शिता का प्रतीक है. हर पत्थर मानो एक रणनीति बन गया हो, और हर मोड़ जैसे एक युद्ध गाथा सुनाता हो.
चिलखाटी गढ़, प्रतापगढ़ - घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित चिलखाटी गढ़ मराठा रक्षा रणनीति का एक अहम हिस्सा था. ऊँचाई, कठिन पहुँच और प्राकृतिक आवरण ने इसे दुश्मनों के लिए लगभग अभेद्य बना दिया. यह प्राचीर न केवल निगरानी के लिए उपयुक्त थी, बल्कि युद्ध के समय रणनैतिक बढ़त भी दिलाती थी.
विजयदुर्ग क़िला - तीन परतों वाली मज़बूत क़िलेबन्दी और रणनैतिक रूप से बनाए गए बुर्जों ने विजयदुर्ग को समुद्री हमलों के ख़िलाफ़ एक अभेद्य क़िला बना दिया. हर बुर्ज इस तरह बनाया गया था कि तट से आने वाला कोई भी ख़तरा पहले ही पकड़ में आ जाए. यह स्थापत्य मराठा सैन्य दूरदर्शिता और सागरी सुरक्षा कौशल का बेजोड़ उदाहरण है.
सिंधुदुर्ग क़िला - छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा कुर्ते द्वीप पर निर्मित यह क़िला मराठा इंजीनियरिंग की अद्वितीय दृष्टि का प्रतीक है. इसी द्वीप की ज्वालामुखीय चट्टानों से बना यह दुर्ग, खारे पानी और समुद्री हवाओं की सैकड़ों वर्षों की मार के बावजूद आज भी अडिग खड़ा है - साहस, विज्ञान और दूरदर्शिता का जीवित उदाहरण.